Bharat Bandh Updates: दिन भर के भारत बंद के बाद राकेश टिकैत बोले- वार्ता के लिए तैयार हैं किसान

Bharat Band Today Updates : केंद्र सरकार के नए कृषि कानूनों के विरोध में सोमवार को किसान यूनियनों के भारत बंद के दौरान देश के कई हिस्सों में किसानों के विरोध-प्रदर्शन से आम लोगों को भारी परेशानियों से गुजरना पड़ा. शाम में राकेश टिकैत ने कहा कि किसान वार्ता के लिए तैयार है.

Live Updates
5:28 PM. 27 Sept 21 5:28 PM. 27 Sept

राकेश टिकैत- हम सरकार से वार्ता के लिए तैयार

भारत बंद के बीच किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा है कि वह कृषि कानूनों के मुद्दे पर सरकार से वार्ता के लिए तैयार हैं. उन्होंने भारत बंद को सफल करार दिया. कहा कि हमें किसानों का भरपूर समर्थन मिला. हम सब कुछ सील नहीं कर सकते. हमने लोगों के आवागमन को बाधित नहीं किया.

2:33 PM. 27 Sept 21 2:33 PM. 27 Sept

पंजाब-हरियाणा में किसानों के भारत बंद का सबसे अधिक असर

किसानों के भारत बंद का सबसे गहरा असर पंजाब और हरियाणा में देखने को मिल रहे हैं. कई शहरों में सड़कों पर जाम लगा रहा, तो बहादुरगढ़ में किसानों ने रेलवे ट्रैक पर बैठकर प्रदर्शन किया. उधर, बिहार-झारखंड, यूपी आदि में भी इसका गहरा असर दिखाई दे रहा है. बिहार के पटना में प्रदर्शनकारियों ने आवाजाही को पूरी तरह से बाधित किया.

2:33 PM. 27 Sept 21 2:33 PM. 27 Sept

25 से ज्यादा राज्यों में भारत बंद को सफल बता रहे किसान नेता

अखिल भारतीय किसान सभा के अध्यक्ष अशोक धवले ने कहा कि भारत बंद को पिछले कई सालों में इतना समर्थन कभी नहीं मिला था, 25 से ज़्यादा राज्यों में बंद कामयाब हुआ है. जब तक किसान विरोधी कानून वापस नहीं लिए जाते और MSP की गारंटी देने वाला केंद्रीय कानून न हो, हम तब तक संघर्ष करने के लिए तैयार हैं.

2:33 PM. 27 Sept 21 2:33 PM. 27 Sept

गाजीपुर बॉर्डर पहुंचे दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी

भारत बंद के दौरान दिल्ली में कांग्रेस नेता और डीपीसीसी अध्यक्ष अनिल चौधरी गाजीपुर बॉर्डर पर कृषि क़ानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों के समर्थन में पहुंचे. प्रदर्शनकारियों ने इसे गैर राजनीतिक प्रदर्शन बताते हुए उन्हें धरना स्थल से उठने को कहा.

2:33 PM. 27 Sept 21 2:33 PM. 27 Sept

बातचीत से निकल सकता है हल : भूपेंद्र सिंह हुड्डा

भारत बंद पर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि बातचीत से हल निकल सकता है, किसी की तरफ से भी कोई शर्त नहीं लगानी चाहिए। खुले दिल से बातचीत करनी चाहिए और इस समस्या का समाधान करना चाहिए.

2:33 PM. 27 Sept 21 2:33 PM. 27 Sept

दिल्ली के सिंघु बॉर्डर पर किसान की मौत

किसान यूनियनों के भारत बंद के दौरान दिल्ली के सिंघु बॉर्डर पर एक किसान के मरने की खबर है. इसके बाद प्रदर्शनकारी किसानों में रोष दिखाई दे रहा है. किसानों के रोष के मद्देनजर दिल्ली पुलिस मुस्तैद हो गई है. बताया जा रहा है कि सिंघु बॉर्डर पर प्रदर्शन के दौरान दिल का दौरा पड़ने से किसान की मौत हुई है.

2:33 PM. 27 Sept 21 2:33 PM. 27 Sept

चतरा के सिमरिया में प्रदर्शन

सोमवार को किसान संगठनों के भारत बंद के दौरान चतरा जिला के सिमरिया में प्रदर्शन करते कार्यकर्ता.

12:09 PM. 27 Sept 21 12:09 PM. 27 Sept

बहादुरगढ़ में रेलवे ट्रैक पर प्रदर्शन

संयुक्त किसान मोर्चा के द्वारा आज ‘भारत बंद’ के ऐलान के चलते बहादुरगढ़ में किसान रेलवे ट्रेक पर बैठकर प्रदर्शन कर रहे हैं. इस दौरान भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने किसानों से अपील की है कि वे इस भारत बंद के दौरान शांतिपूर्वक प्रदर्शन करें.

11:54 AM. 27 Sept 21 11:54 AM. 27 Sept

समस्तीपुर में प्रदर्शनकारियों ने राजमार्ग को किया जाम

संयुक्त किसान मोर्चा के भारत बंद के दौरान बिहार के समस्तीपुर में राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन किया. इसके साथ ही, इन कार्यकर्ताओं ने ओवरब्रिज के समीप समस्तीपुर-दरभंगा राजमार्ग को जाम कर दिया.

12:09 PM. 27 Sept 21 12:09 PM. 27 Sept

दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर गाड़ियों का लंबा जाम

संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से आज भारत बंद के ऐलान के चलते दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर गाड़ियों का लंबा जाम देखा गया.

11:54 AM. 27 Sept 21 11:54 AM. 27 Sept

हजारीबाग के बड़कागांव में झामुमो, कांग्रेस और राजद नेताओं का प्रदर्शन

हजारीबाग जिले के बड़कागांव प्रखंड स्थित मुख्य चौक में भारत बंद को सफल बनाने के लिए झामुमो ,कांग्रेस एवं राजद के नेता सड़क पर उतरे. बड़कागांव में बंद का नेतृत्व झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य झमन प्रसाद, प्रखंड अध्यक्ष किशोर राणा बासुदेव यादव, कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष विशेश्वर नाथ चौबे, समेत अन्य नेता नेतृत्व किया.

11:54 AM. 27 Sept 21 11:54 AM. 27 Sept

भारत बंद के दौरान चतरा में सड़क पर उतरे कांग्रेस, झामुमो और राजद के नेता

नए कृषि कानून की वापसी की मांग को लेकर चतरा में सोमवार को भारत बंद के आहवाहन पर किसान व राजनीतिक दलों के द्वारा सड़क जाम किया गया. केशरी चौक में झारखंड में सत्ताधारी गठबंधन में शामिल झारखंड मुक्ति (जेएमएम), कांग्रेस व राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता व कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कराया. इसके अलावा सीआईटीयू, जन संघर्ष मोर्चा समेत विभिन्न गैर राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों ने भी बंद का समर्थन किया है.

12:02 PM. 27 Sept 21 12:02 PM. 27 Sept

झारखंड के बोकारों में सड़क पर उतरे संयुक्त मोर्चा के कार्यकर्ता

भारत बंद को लेकर आज झारखंड बोकारो में संयुक्त मोर्चा के नेता और कार्यकर्ता सड़क पर उतर गए हैं. भारत बंद कराने के दौरान नेता आम राहगीरों से भी नोंक-झोंक कर रहे हैं. ऐसी ही एक तस्वीर बोकारो के नया मोड़ स्थित बिरसा चौक में देखने को मिली. जहां बाइक से जा रहे दो लोगों को बंद समर्थकों ने रोक दिया. इस दौरान बाइक से जा रहे एक युवक ने बंद करा रहे लोगों को नसीहत भी दे डाली. युवक ने कहा कि सभी समर्थकों को लोगों से आग्रह करना चाहिए, न कि इस तरह की जबरदस्ती.

11:54 AM. 27 Sept 21 11:54 AM. 27 Sept

नोएडा के डीएनडी पर भीषण जाम

उत्तर प्रदेश कि संयुक्त किसान मोर्चा के द्वारा आज भारत बंद के ऐलान के चलते नोएडा के डीएनडी में भीषण जाम लग गया है.

11:54 AM. 27 Sept 21 11:54 AM. 27 Sept

दिल्ली में सिंघु बॉर्डर पर धरना दे रहे प्रदर्शनकारी

दिल्ली में संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर सिंघु बॉर्डर पर प्रदर्शनकारी कृषि कानूनों के विरोध में धरना दे रहे हैं. एक प्रदर्शनकारी किसान ने बताया कि हम सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाना चाहते हैं. तीनों कृषि क़ानून रद्द किए जाएं.

11:54 AM. 27 Sept 21 11:54 AM. 27 Sept

कर्नाटक के कलबुर्गी में सेंट्रल बस स्टेशन के बाहर किसानों का विरोध-प्रदर्शन

किसानों के भारत बंद के दौरान कर्नाटक में विभिन्न संगठनों ने कलबुर्गी सेंट्रल बस स्टेशन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारी के नीला ने कहा कि कई संगठन हमारे किसानों का समर्थन कर रहे हैं और देशव्यापी बंद के आह्वान में भाग ले रहे हैं.

11:54 AM. 27 Sept 21 11:54 AM. 27 Sept

अमृतसर में सुबह पांच बजे से सुरक्षा बल तैनात

इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने कहा कि पंजाब के अमृतसर में जिन जगहों पर किसान धरना प्रदर्शन कर रहे हैं, वहां सुबह पांच बजे से सुरक्षाबलों को तैनात कर दिया गया है. किसानों का विरोध शांतिपूर्ण है, इसलिए सुरक्षा बलों से भी कहा गया है कि उनके साथ अभद्र व्यवहार न करें और कुछ होने पर मेरे संज्ञान में लाएं.

11:54 AM. 27 Sept 21 11:54 AM. 27 Sept

गाजीपुर में किसानों का प्रदर्शन जारी

किसान संगठनों की ओर से तीन कृषि कानूनों के खिलाफ आज भारत बंद की अपील के बाद सोमवार को गाजीपुर सीमा पर किसानों का विरोध-प्रदर्शन जारी है. किसानों के इस प्रदर्शन की वजह से उत्तर प्रदेश से गाजीपुर की ओर की यातायात व्यवस्था को बंद कर दिया गया है.

8:55 AM. 27 Sept 21 8:55 AM. 27 Sept

राकेश टिकैत ने कहा-हमने कुछ सील नहीं किया है, इमरजेंसी में जारी रहेगी आवाजाही

भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने कहा कि भारत बंद के एम्बुलेंस, डॉक्टर या आपात स्थिति में जाने वाले लोग गुजर सकते हैं. हमने कुछ भी सील नहीं किया है, हम सिर्फ एक संदेश भेजना चाहते हैं. हम दुकानदारों से अपील करते हैं कि वे अपनी दुकानें अभी बंद रखें और शाम 4 बजे के बाद ही खोलें. बाहर से यहां कोई किसान नहीं आ रहा.

8:55 AM. 27 Sept 21 8:55 AM. 27 Sept

कुरुक्षेत्र में किसानों ने किया दिल्ली-अमृतसर राजमार्ग को जाम

तीन कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों ने सोमवार को भारत बंद के दौरान हरियाणा के कुरुक्षेत्र में दिल्ली-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया है.

8:55 AM. 27 Sept 21 8:55 AM. 27 Sept

प्रदर्शनकारियों ने अंबाला में शंभू टोल प्लाजा के पास दिल्ली-अमृतसर एनएच को किया बंद

भारत बंद के दौरान प्रदर्शनकारियों ने अंबाला में शंभू टोल प्लाजा के पास दिल्ली-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग को प्रदर्शनकारियों ने बंद कर दिया है. एक प्रदर्शनकारी किसान ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा ने आज सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक के बंद का ऐलान किया था, हमने यहां सुबह 6 बजे बंद कर दिया. स्कूल या अस्पताल के लिए जाने दे रहे हैं.

8:55 AM. 27 Sept 21 8:55 AM. 27 Sept

गाजीपुर बॉर्डर पर एनएच-9 और एनएच-24 जाम किया

प्रदर्शनकारी किसानों ने सोमवार को भारत बंद के दौरान दिल्ली-एनसीआर में गाजीपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-9 और राष्ट्रीय राजमार्ग-24 को जाम कर दिया है.

8:55 AM. 27 Sept 21 8:55 AM. 27 Sept

पंजाब-हरियाणा में शंभू बॉर्डर 4 बजे तक सील

एक किसान का कहना है कि किसानों के विरोध में भारत बंद के आह्वान को देखते हुए हमने शाम चार बजे तक शंभू सीमा (पंजाब-हरियाणा सीमा) को बंद कर दिया है.

7:05 AM. 27 Sept 21 7:05 AM. 27 Sept

किसानों का देशव्यापी भारत बंद आज, दिल्ली में प्रदर्शनकारियों की एंट्री बैन

केंद्र सरकार के नए कृषि कानूनों के विरोध में किसान यूनियनों ने 27 सितंबर को भारत बंद की अपील की है. इसके मद्देनजर दिल्ली-एनसीआर, यूपी, बिहार, पंजाब हरियाणा, उत्तर भारत समेत देश के कई राज्यों में पुलिस ने सोमवार को यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है. कई शहरों में यातायात पुलिस ने किसानों के भारत बंद के मद्देनजर ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया है. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि सोमवार को दिल्ली में कड़ी सुरक्षा रहेगी. शहर की सीमाओं पर चल रहे तीन विरोध प्रदर्शन स्थलों से किसी भी प्रदर्शनकारी को दिल्ली में घुसने की अनुमति नहीं दी जाएगी.

पुलिस उपायुक्त (नई दिल्ली) दीपक यादव ने कहा, ‘भारत बंद के मद्देनजर एहतियात के तौर पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं. सीमावर्ती इलाकों में जांच चौकियों को मजबूत किया गया है. इंडिया गेट और विजय चौक समेत सभी महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों में पर्याप्त तैनाती रहेगी. सीमावर्ती इलाकों के गांवों से दिल्ली को जोड़ने वाली सभी सड़कों की कड़ी जांच की जाएगी.’

किसानों के आंदोलन की अगुवाई कर रही 40 से अधिक किसान यूनियनों के गठबंधन संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने यह भारत बंद बुलाया है. एसकेएम ने सभी राजनीतिक दलों से लोकतंत्र और संघवाद के सिद्धांतों की रक्षा के लिए किसानों के साथ खड़े होने का आग्रह किया था.

मुख्य बातें

Bharat Band Today Updates : केंद्र सरकार के नए कृषि कानूनों के विरोध में सोमवार को किसान यूनियनों के भारत बंद के दौरान देश के कई हिस्सों में किसानों के विरोध-प्रदर्शन से आम लोगों को भारी परेशानियों से गुजरना पड़ा. शाम में राकेश टिकैत ने कहा कि किसान वार्ता के लिए तैयार है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >