आकाश मिसाइल (Akash Missile) के नये वर्जन आकाश प्राइम का सफलतापूर्वक प्रक्षेपण किया गया. ओडिशा के चांदीपुर प्रक्षेपण स्थल से इसका सफलतापूर्वक प्रक्षेपण किया गया. यह जानकारी डीआरडीओ की ओर से दी गयी.
मिसाइल ने परीक्षण के दौरानएक मानवरहित हवाई लक्ष्य को रोका और नष्ट कर दिया. यह मिसाइल दुश्मनों को परास्त करने में कारगर है. यह सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल है.
DRDO की तरफ से यह जानकारी दी गयी कि यह परीक्षण शाम साढ़े चार बजे किया गया. एक अधिकारी ने बताया कि आकाश प्राइम में सटीकता के लिए आर एफ का पता लगाने की स्वदेशी तकनीक लगी है. अन्य सुधार के चलते भी ऊंचाई पर कम तापमान वाले वातावरण में यह भरोसेमंद प्रदर्शन कर सकती है.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ), भारतीय सेना, भारतीय वायु सेना और अन्य हितधारकों को ‘आकाश प्राइम’ के सफलतापूर्वक परीक्षण के लिए बधाई दी. उन्होंने कहा कि सफल परीक्षण से यह सिद्ध होता है कि डीआरडीओ विश्व स्तरीय मिसाइल प्रणाली का विकास करने में सक्षम है.
डीआरडीओ के अध्यक्ष जी सतीश रेड्डी ने भी मिसाइल का परीक्षण करने वाली टीम को बधाई दी. उन्होंने कहा कि आकाश प्राइम प्रणाली से भारतीय सेना और भारतीय वायु सेना का मनोबल और ऊंचा होगा.
Posted By : Rajneesh Anand
