नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को ईरान के विदेश मंत्री से कहा कि भारत क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता के पक्ष में है. यहां ‘रायसीना डॉयलाग’ में भाग लेने आये ईरान के विदेश मंत्री जवाद जरीफ से मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने यह बात कही.
प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा, विदेश मंत्री ने इस क्षेत्र के हालिया घटनाक्रम पर अपने नजरिये को साझा किया. प्रधानमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता में भारत की बहुत रुचि है. प्रधानमंत्री ने चाबहार परियोजना में प्रगति के लिए ईरानी नेतृत्व को धन्यवाद दिया. भारत में जरीफ का स्वागत करते हुए मोदी ने न्यू याॅर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के इतर सितंबर 2019 में राष्ट्रपति रूहानी के साथ हुई अपनी सौहार्दपूर्ण बैठक को याद किया. प्रधानमंत्री ने ईरान के साथ मजबूत और मैत्रीपूर्ण संबंध विकसित करने के लिए भारत की निरंतर प्रतिबद्धता को दोहराया.
