नयी दिल्लीः हरियाणवी गानों पर डांस से धूम मचाने वाली सपना चौधरी आखिरकार भाजपा में शामिल हो गईं. दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में रविवार को हुए दिल्ली भाजपा संगठन पर्व सदस्यता अभियान 2019 में उन्होंने हिस्सा लिया. यहीं पर उन्होंने भाजपा की सदस्यता ली. लोकसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा के लिए प्रचार भी किया था.
पूर्व बिग बॉस प्रतियोगी सपना मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान, भाजपा महासचिव राम लाल और दिल्ली भाजपा प्रमुख मनोज तिवारी की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुईं. बता दें कि सपना चौधरी की राजनीति में आने की अटकलें लोकसभा चुनाव से पहले होने लगी थी. मार्च में सपना चौधरी की कुछ तस्वीरें प्रियंका गांधी के साथ वायरल हुई थीं.
इसके बाद उनकी कांग्रेस में जाने की अटकलें तेज हो गई थीं. हालांकि उन्होंने इससे इनकार कर दिया था. सपना चौधरी ने कहा था कि वे कलाकार हैं इसलिए चुनाव लड़ने की कोई मंशा नहीं है. प्रियंका गांधी के साथ फोटो पर सपना ने कहा था कि मैं प्रियंका से मिली थी लेकिन वो तस्वीर पुरानी हैं.’ सपना चौधरी ने यह भी कहा था कि वे मनोज तिवारी के संपर्क में हैं.
