ठाणे : पुलिस ने एक किशोर नौकरानी के साथ बलात्कार करने के आरोप में एमएसआरटीसी बस के एक कंडक्टर को गिरफ्तार किया है. मोखाडा पुलिस चौकी के निरीक्षक घनश्याम रामचंद्र अधव ने बताया कि 15 वर्षीय लड़की पिछले दो साल से ठाणे जिले के मोखाडा फाटा में आरोपी महेश भोये (30) के घर घरेलू नौकरानी के रुप में काम कर रही थी.
पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस दौरान भोये ने लड़की के साथ कई बार बलात्कार किया, जिसके बाद वह गर्भवती हो गई. उन्होंने कहा कि इस अपराध की जानकारी उस समय हुई जब किशोरी को नौ माह की गर्भवती पाया गया. उन्होंने कहा कि लड़की के माता-पिता ने मोखाडा पुलिस चौकी में कल इस संदर्भ में शिकायत दर्ज कराई. इसके आधार पर कल रात को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. अधव ने कहा कि आरोपी के खिलाफ भादंसं की विभिन्न धाराओं और बाल यौन अपराध संरक्षण (पोक्सो) कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है. उन्होंने कहा कि इस मामले में जांच जारी है.
