नयी दिल्ली : आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के मकान को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. जिस नये मकान में वह रहने की योजना बना रहे हैं वह स्वामित्व को लेकर कानूनी विवाद में फंसा हुआ है. केजरीवाल को सिविल लाइन्स में 4 बी फ्लैग स्टाफ में रहना है. यह मकान नरेश जैन का है.
हालांकि, उनके भाई वीरेंद्र ने अब दावा किया है कि मामला अदालत में है क्योंकि उनके और उनके भाइयों के बीच संपत्ति को लेकर विवाद है और इसलिए इसे अदालत के आदेश के बिना किराए पर नहीं दिया जा सकता. वीरेंद्र ने कहा, मुझे मीडिया के जरिए जानकारी मिली कि संपत्ति को किराए पर दिया जा रहा है और पाया कि मकान का जीर्णोद्धार किया जा रहा है.
उन्होंने कहा, संपत्ति विवाद में है और उच्च न्यायालय ने आदेश दिया है कि यथास्थिति बरकरार रखी जानी चाहिए. उसके तहत संपत्ति को किसी को भी किराए पर नहीं दिया जा सकता जबकि मेरे भाई ने इसे किराए पर देने का पहले ही फैसला कर लिया है. यह अदालत के आदेश का स्पष्ट उल्लंघन है. साथ ही उन्होंने कहा कि वह इस मामले में अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे.
