अमृतसर हादसा : पटरियों से हटाये गये प्रदर्शनकारी, 40 घंटे बाद बहाल हुई ट्रेन सेवाएं

अमृतसर : अमृतसर में दशहरे के दिन हुए ट्रेन हादसे के बाद से पटरियों पर धरना दे रहे प्रदर्शनकारियों को हटा दिया गया है और ट्रेनों का परिचालन 40 घंटे से भी अधिक समय बाद रविवार दोपहर बहाल हो गया. रेलवे के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी. प्रवक्ता ने बताया कि रेलवे को स्थानीय […]

अमृतसर : अमृतसर में दशहरे के दिन हुए ट्रेन हादसे के बाद से पटरियों पर धरना दे रहे प्रदर्शनकारियों को हटा दिया गया है और ट्रेनों का परिचालन 40 घंटे से भी अधिक समय बाद रविवार दोपहर बहाल हो गया. रेलवे के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी.

प्रवक्ता ने बताया कि रेलवे को स्थानीय अधिकारियों से दोपहर साढ़े 12 बजे ट्रेन सेवाएं बहाल करने की मंजूरी मिली. उत्तर रेलवे के प्रवक्ता दीपक कुमार ने कहा, पहली मालगाड़ी दोपहर दो बजकर 16 मिनट पर मनावला से अमृतसर रवाना हुई. उन्होंने बताया कि इसके बाद मेल या एक्सप्रेस ट्रेनों का आवागमन शुरू किया जायेगा. फिरोजपुर मंडल के वरिष्ठ मंडलीय सुरक्षा आयुक्त (रेलवे) एस सुधाकर ने कहा, प्रभावित पटरी (जोड़ा फाटक) पर ट्रेन सेवाएं फिर से शुरू हो गयी हैं. एक मालगाड़ी को इस मार्ग से गुजरने की अनुमति दी गयी. ट्रेन सेवाएं बहाल होने के बावजूद रेलवे ने रविवार को 17 ट्रेनें रद्द कर दीं, 14 को गंतव्य से पहले ही उनका मार्ग पूरा कर दिया गया और सात ट्रेनों का मार्ग बदल दिया गया.

इससे पहले पंजाब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को पटरी पर से हटाया, जो वहां धरना दे रहे थे. पटरी से हटाये जाने के दौरान गुस्साये प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया, जिससे सुरक्षाकर्मियों के साथ उनकी झड़प हुई. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पथराव में पंजाब पुलिस का एक कमांडो और एक फोटो पत्रकार घायल हो गये. प्रदर्शनकारी राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी और पंजाब के मंत्री नवजोत सिंह सिदद्धू के इस्तीफे की मांग कर रहे थे. अधिकारियों ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पंजाब पुलिस ने कमांडो समेत अपने अन्य कर्मी तैनात किये हैं. जोड़ा फाटक इलाके में त्वरित कार्य बल (आरएएफ) के कर्मी भी मौजूद हैं. जिला प्रशासन ने कहा है कि शुक्रवार की शाम को जालंधर-अमृतसर ट्रेन से कुचलकर जिन 59 लोगों की मौत हुई है उनमें से 40 लोगों की पहचान हो चुकी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >