पुणे: फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने के बाद पुणो के हदपसर में भीड द्वारा की गई हिंसा और 28 वर्षीय एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की हत्या के सिलसिले में एक और व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है जिससे इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या बढकर 20 हो गई है.पुलिस ने आज बताया कि 21 वर्षीय युवक को बीती रात गिरफ्तार किया गया जो हिंदू राष्ट्र सेना से जुडा हुआ है और वह उपनगरीय इलाके के बांकर कॉलोनी में हुई हिंसा की घटना में कथित तौर पर शामिल था. गिरफ्तार किए गए लोगों में दो नाबालिग हैं, जिन्हें रिमांड होम भेजा गया है. हिंदू राष्ट्र सेना के प्रमुख धनंजय देसाई को कल 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
सॉफ्टवेयर इंजीनियर मोहसिन शेख की हत्या में कथित संलिप्तता को लेकर एक मजिस्ट्रेट अदालत ने स्वयंभू संगठन के 17 अन्य कार्यकर्ताओं को 12 जून तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है. शिवाजी और दिवंगत बाल ठाकरे के खिलाफ आपत्तिजनक सामग्री अपलोड करने वाले लोगों की पहचान करने के लिए जांचकर्ताओं की कोशिश जारी है, ऐसे में यहां पुलिस अधिकारियों ने महाराष्ट्र के गृहमंत्री आर आर पाटिल के उस बयान पर टिप्पणी नहीं करने का विकल्प चुना, जिसके तहत उन्होंने कहा था कि संबद्ध फेसबुक अकाउंट का विदेशों में पता लगा लिया गया है और दोषियों को जल्द पकड लिया जाएगा.
संयुक्त पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने बताया, ‘‘हमारे पास इस बारे में कोई सूचना नहीं है. मंत्री की टिप्पणी के बारे में बात करना मेरे लिए सही नहीं है क्योंकि उनके पास संबद्ध सूचना प्राप्त करने के लिए कई स्नेत हैं.’’ इस बीच, शहर और उपनगरीय इलाके में शांति रही। पुलिस सख्त चौकसी बरत रही है.
