31 अगस्त को आखिरी मौका! 8वीं के बाद बच्चों को मिल सकती है ₹12 हजार सालाना स्कॉलरशिप, ऐसे करें आवेदन

कक्षा 8 के छात्रों के लिए 12,000 रुपये सालाना स्कॉलरशिप का मौका. 31 अगस्त आज आखिरी तारीख है. जानें कैसे करें आवेदन और पाएं ₹48,000 तक की मदद.

अगर आपके घर में बच्चा कक्षा 8 में पढ़ रहा है और आगे की पढ़ाई के खर्च को लेकर चिंता रहती है, तो यह खबर आपके काम की है. केंद्र सरकार की एक स्कॉलरशिप योजना के तहत पात्र छात्रों को आगे की पढ़ाई के लिए हर साल ₹12,000 की आर्थिक मदद मिल सकती है. खास बात यह है कि 2026-27 के लिए आवेदन करने की आज 31 अगस्त आखिरी तारीख है. यानी पात्र छात्र आज ही आवेदन कर सकते हैं.

हर साल ₹12 हजार, चार साल में ₹48 हजार तक मदद

इस योजना का लाभ लेने के लिए कक्षा 8 के स्तर पर छात्र चयन प्रक्रिया में शामिल होते हैं और चयन होने के बाद कक्षा 9 से उन्हें स्कॉलरशिप मिलती है. योजना के तहत चयनित छात्र को ₹12,000 सालाना, यानी ₹1,000 प्रति माह की दर से आर्थिक सहायता दी जाती है. अगर छात्र कक्षा 9 से कक्षा 12 तक लगातार योजना की शर्तें पूरी करता है, तो चार साल में कुल ₹48,000 तक की मदद मिल सकती है.

National Means-cum-Merit Scholarship Scheme (NMMSS) के तहत यह रकम छात्रों की पढ़ाई जारी रखने में मदद के लिए दी जाती है और स्कॉलरशिप का भुगतान DBT के जरिए किया जाता है.

कौन ले सकता है NMMSS का लाभ?

यह योजना हर छात्र के लिए नहीं है. इसमें मेरिट और परिवार की आर्थिक स्थिति, दोनों को ध्यान में रखा जाता है.

योजना के सामान्य नियमों के मुताबिक छात्र के लिए ये शर्तें महत्वपूर्ण हैं.

  • छात्र कक्षा 8 में पढ़ रहा हो और संबंधित राज्य की NMMSS चयन परीक्षा में शामिल होने के लिए पात्र हो.
  • कक्षा 7 में निर्धारित न्यूनतम अंक हासिल किए हों. सामान्य तौर पर यह सीमा 55 प्रतिशत है. SC और ST छात्रों को इसमें 5 प्रतिशत अंकों की छूट मिलती है.
  • छात्र के परिवार की सालाना आय ₹3.50 लाख से अधिक नहीं होनी चाहिए.
  • छात्र सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त या स्थानीय निकाय के स्कूल में पढ़ रहा हो. निजी स्कूलों के छात्र सामान्य तौर पर इस योजना के लिए पात्र नहीं होते.

अंतिम पात्रता और राज्य स्तर की परीक्षा संबंधी नियम संबंधित राज्य की अधिसूचना के अनुसार देखना जरूरी है.

ये भी पढ़ें: नागपुर के कई बड़े स्कूल बंद, 31 अगस्त को लेकर स्कूलों में अलर्ट, क्या है मामला?

आवेदन कहां करना है?

NMMSS के लिए आवेदन National Scholarship Portal यानी scholarships.gov.in पर किया जाता है. NSP के आधिकारिक पोर्टल पर 2026-27 के लिए NMMSS को Department of School Education & Literacy के तहत सूचीबद्ध किया गया है और छात्र आवेदन की अंतिम तारीख 31 अगस्त 2026 दी गई है.

आवेदन से पहले छात्र को One Time Registration यानी OTR की प्रक्रिया पूरी करनी होती है. NSP के मुताबिक OTR छात्र को दिया जाने वाला एक यूनिक नंबर है, जिसका इस्तेमाल स्कॉलरशिप आवेदन के लिए किया जाता है.

ऐसे करें आवेदन

  1. National Scholarship Portal की आधिकारिक वेबसाइट खोलें.
  2. OTR पूरा करें.
  3. OTR के जरिए लॉगिन करें.
  4. NMMSS स्कॉलरशिप योजना चुनें.
  5. मांगी गई व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरें.
  6. जरूरी दस्तावेज और बैंक संबंधी जानकारी दर्ज करें.
  7. आवेदन को ध्यान से जांचने के बाद अंतिम रूप से सबमिट करें.
  8. आवेदन जमा होने के बाद उसका स्टेटस और वेरिफिकेशन जरूर चेक करें.

आधिकारिक पोर्टल: National Scholarship Portal

ये भी पढ़ें: कहीं पेट्रोल सस्ता तो कहीं डीजल महंगा, पटना से मुंबई तक चेक करें 31 अगस्त के ताजा भाव

NSP की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक 31 अगस्त के बाद NMMSS आवेदनों की Defective Application Verification 15 सितंबर 2026, Institute Verification भी 15 सितंबर 2026 और DNO/SNO/MNO Verification की अंतिम तारीख 30 सितंबर 2026 है.

कक्षा 8 के बाद पढ़ाई छोड़ने से रोकना है मकसद

NMMSS का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी छात्रों को कक्षा 8 के बाद पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है. इस योजना के तहत चयनित छात्रों को कक्षा 9 से स्कॉलरशिप दी जाती है और निर्धारित शर्तें पूरी करने पर यह सहायता कक्षा 12 तक जारी रह सकती है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपक कुमार गुप्ता

दीपक कुमार गुप्ता 'प्रभात खबर डिजिटल' में कंटेंट राइटर हैं. इससे पहले वे 'ईटीवी भारत' में करीब ढाई साल तक कार्यरत रहे. इन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पत्रकारिता की पढ़ाई की है. 2021 से वे पत्रकारिता से जुड़े हैं और इस दौरान 'न्यूज प्लस', 'अंतर्कथा विजन न्यूज' और 'पब्लिक ऐप' के साथ भी काम कर चुके हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >