11 Year Of Modi Goverment: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के 11 साल पूरे होने पर तीखा हमला बोला है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर किए गए एक विस्तृत पोस्ट में उन्होंने मोदी सरकार पर वादाखिलाफी, महंगाई, बेरोजगारी, और सामाजिक असमानता जैसे मुद्दों पर जमकर निशाना साधा.
खरगे ने लिखा, “26 मई 2014 से आज तक 11 सालों में बड़े-बड़े वादों को खोखले दावों में बदलकर मोदी सरकार ने देश की ऐसी दुर्दशा की कि अच्छे दिन की बात अब एक डरावने सपने की तरह साबित हुई है.”
युवाओं और किसानों के मुद्दे पर सरकार घिरी
कांग्रेस अध्यक्ष ने युवाओं को लेकर किए गए वादों की याद दिलाते हुए कहा कि हर साल दो करोड़ नौकरियों का वादा किया गया था, लेकिन असलियत यह है कि “सरकार ने करोड़ों नौकरियां गायब कर दीं.”
खरगे ने किसानों की हालत पर भी चिंता जताई और कहा कि सरकार ने वादा किया था कि उनकी आय दोगुनी की जाएगी, लेकिन न तो आय बढ़ी और न ही सम्मान मिला। उल्टा, “अमन की बात करने वाले किसानों को रबर बुलेट तक झेलनी पड़ी.”
महिला, कमजोर वर्ग और अल्पसंख्यकों के प्रति उपेक्षा का आरोप
उन्होंने महिला आरक्षण विधेयक को ‘शर्तों में जकड़ा हुआ’ बताया और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार की नीयत पर सवाल उठाए. इसके साथ ही SC/ST/OBC और अल्पसंख्यक समुदायों पर हो रहे कथित अत्याचारों की भी खरगे ने कड़ी आलोचना की.
