Saran News : सदर अस्पताल में 15 दिनों में 50 फीसदी बढ़ गये वायरल बुखार के मरीज

सदर अस्पताल के ओपीडी 15 दिनों में 50 फीसदी वायरल पीड़ित मरीज बढ़े हैं. पहले व दूसरे शिफ्ट में विगत कुछ दिनों से दो गुना मरीज इलाज के लिए रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं.

छपरा. सदर अस्पताल के ओपीडी 15 दिनों में 50 फीसदी वायरल पीड़ित मरीज बढ़े हैं. पहले व दूसरे शिफ्ट में विगत कुछ दिनों से दो गुना मरीज इलाज के लिए रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं. बीते दो दिनों में ही पहले व दूसरे शिफ्ट को मिलाकर करीब 1000 मरीजों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया. इनमें से 60 फीसदी के करीब मरीज वायरल से पीड़ित थे. सर्दी, खांसी, बुखार, पेट दर्द, सर दर्द, ब्लड प्रेशर की शिकायत मिल रही है. खासकर चाइल्ड वार्ड में अचानक से भीड़ बढ़ गयी है. छोटे बच्चों में वायरल का प्रभाव अधिक दिख रहा है. स्कूल से आने के बाद बच्चे बीमार पड़ जा रहे हैं. वहीं विगत एक सप्ताह में मौसम में लगातार हो रहा उतार-चढ़ाव भी लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर डाल रहा है. सिर्फ सदर अस्पताल के ओपीडी में ही नहीं बल्कि शहर के प्रमुख निजी क्लिनिकों में भी इस समय अचानक से भीड़ बढ़ गयी है. सदर अस्पताल के चाइल्ड वार्ड के वरीय चिकित्सक डॉ संदीप कुमार यादव ने बताया कि यह मौसम के बदलाव का ही असर है. विगत एक सप्ताह से तापमान में गिरावट आयी है. कभी-कभी तेज धूप भी दिन में निकल जा रही है. ऐसे में मौसम के अनुकूल लोग शरीर को नहीं ढाल पा रहे हैं. इस कारण बीमार पड़ जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि इस समय छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखना चाहिए. खासकर साफ पानी का उपयोग जरूरी है. डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए भी लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए.

तीन से चार दिन के बुखार में कमजोर हो रहा शरीर

चिकित्सकों का कहना है कि हर बुखार डेंगू या टाइफाइड का लक्षण नहीं होता. फिर भी यदि बुखार दो दिन से अधिक रहे तो निश्चित रूप से जांच कर लेनी चाहिए. वरीय चिकित्सक डॉ केएम दुबे ने बताया कि अधिकतर लोग तीन-चार दिन तक घरेलू नुस्खे अपनाते रहते हैं, जिसके कारण स्थिति और भी गंभीर हो जाती है. खासकर डेंगू के लक्षण दिखने पर तो थोड़ी भी लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए. इस समय दो से तीन दिन बुखार रहने के बाद लोग काफी कमजोर पड़ जा रहे हैं. चिकित्सकों ने बताया कि वायरल का प्रभाव इस समय अधिक है. सदर अस्पताल में भी ऐसे कई मरीज आ रहे हैं, जिन्हें महज दो से तीन दिन के बुखार के बाद शरीर में खून की कमी आयी है. ज्यादातर मामलों में वायरल की ही शिकायत आ रही है.

अब हर दिन 100 से अधिक सैंपल की हो रही जांच

सदर अस्पताल के ओपीडी में बना जांच घर 24 घंटे कार्यरत है. ओपीडी के विभिन्न विभागों से जांच के लिए रेफर किये गये मरीजों की डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, व टाइफाइड की जांच की जा रही है. एक दिन में 100 से अधिक सैंपल जांच किये जाने की बात सदर अस्पताल प्रशासन कह रहा है. ब्लड बैंक में दो पैथोलॉजिस्ट की टीम भी इस कार्य के लिए लगायी गयी है. पहले ओपीडी के जांच घर में सैंपल लिया जा रहा है. उसके बाद उसे सुरक्षित रूप से ब्लड बैंक में बने जांच केंद्र में भेजा जा रहा है. 24 घंटे के अंदर जांच की रिपोर्ट भी भेज दी जा रही है, जिसके आधार पर चिकित्सक तुरंत पीड़ित मरीजों का इलाज शुरू कर दे रहे हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >