छपरा. कलेक्ट्रेट समेत सभी प्रखंड कार्यालयों के कर्मचारी सोमवार को अपनी 10 सूत्री मांगों को लेकर 24वें दिन भी हड़ताल पर डटे रहे. इसका असर अब जिले के सभी सरकारी कार्यों पर स्पष्ट दिखने लगा है. विशेषकर प्रमाण पत्र निर्माण समेत कई महत्वपूर्ण सेवाएं पूरी तरह ठप पड़ी हैं. बिहार अनुसचिवीय कर्मचारी संघ ने कहा है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे धरना-प्रदर्शन जारी रखेंगे. नगरपालिका चौक पर हड़ताली कर्मचारी लगातार धरने पर बैठे हैं, जहां वे सरकार विरोधी नारे भी लगा रहे हैं. धरने में राज्य स्तरीय सचिव सैयद मोहम्मद नजमी, जिला सचिव निखिल कुमार सिंह, राजीव कुमार, प्रेम प्रकाश सिंह सहित अन्य कर्मचारी शामिल हैं. समाहरणालय से लेकर प्रखंड अंचल तथा अनुमंडल कार्यालयों के सभी कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं. इस हड़ताल के कारण सरकारी कामकाज बाधित हो गया है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन भी ठप हो गया है. खासकर अभिलेखागार कार्यालय पूरी तरह से बंद है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग अपने दस्तावेज बनाने या प्रमाण पत्र लेने आते हैं, लेकिन कर्मियों की हड़ताल के कारण काम नहीं हो पा रहा है. आमजन को अपनी आवश्यकताओं के लिए बार-बार लौटना पड़ रहा है. इस गंभीर स्थिति पर सरकार अब तक चुप्पी साधे हुई है. , जिससे कर्मचारी और आम लोग दोनों ही असहज स्थिति में हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
