करगहर. करगहर थाने में पदस्थापित दारोगा ज्ञानदीप कुमार की पत्नी 24 वर्षीय मीनू कुमारी ने बुधवार की रात थाना परिसर स्थित सरकारी आवास में पंखे से लटक कर खुदकुशी कर ली. ज्ञानदीप कुमार मूल रूप से गांव रामपुर केशव उर्फ मनाही, थाना पारू, जिला मुजफ्फरपुर के निवासी हैं, जो वर्तमान में करगहर थाने में सब इंस्पेक्टर के पद पर पदस्थापित हैं. घटना के संबंध में थानाध्यक्ष कमल नयन पांडेय ने बताया कि बुधवार को जिला मुख्यालय सासाराम में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम था, जिसमें सब इंस्पेक्टर ज्ञानदीप कुमार की ड्यूटी लगी थी. वहां से वह करीब शाम पांच बजे तक अपनी ड्यूटी पूरी कर थाना लौटे थे. करीब आठ बजे वह थाना कार्यालय से थाना परिसर स्थित अपने सरकारी आवास पर गये, तो आवास का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद पाया. इसके बाद मोबाइल से पत्नी के मोबाइल पर रिंग किया. कई बार रिंग करने के बाद भी जब बात नहीं हुई, तो ज्ञानदीप पत्नी मीनू के पिता मनोज कुमार गुप्ता और थाने में पदस्थापित अन्य पुलिस कर्मियों के मोबाइल से अपनी पत्नी के मोबाइल पर फोन लगवा कर संपर्क स्थापित करने की कोशिश की. लेकिन, किसी का फोन रिसीव नहीं हुआ. इसके बाद ज्ञानदीप ने मुझे इसकी जानकारी दी. मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने दरवाजा को तोड़कर अंदर प्रवेश किया, तो कमरे के अंदर लगे पंखे में प्लास्टिक की रस्सी के सहारे मीनू कुमारी को लटकते पाया गया. पुलिसकर्मियों ने मीनू के गले में लिपटी रस्सी के फंदे को काटकर मीनू को नीचे उतारा. उस समय उसकी सांसें चल रही थीं. तत्काल मीनू को करगहर सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत कर दिया. घटना की सूचना पर पहुंचे सदर डीएसपी टू कुमार वैभव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतका के परिजनों के आने तक शव को सुरक्षित रखने का निर्देश थानाध्यक्ष को दिया. मेरी बेटी को प्रताड़ित करता था ज्ञानदीप घटना की सूचना पर गुरुवार की सुबह करगहर पहुंचे मृतका मीनू कुमारी के पिता मनोज कुमार गुप्ता ने कहा कि मेरी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती. साजिश के तहत उसकी गला दबाकर हत्या की गयी है. करगहर थाने में दिये लिखित शिकायत में उन्होंने कहा है कि मेरा दामाद ज्ञानदीप कुमार शादी के बाद से ही मेरी बेटी को प्रताड़ित कर रहा था. कई बार उसकी प्रताड़ना से बचने के लिए वह सासाराम से मायके अकेली आयी थी. इसकी जानकारी मीनू कई बार अपनी मां और मुझे दी थी. पुलिस की निगरानी में ज्ञानदीप को थाने में रखा गया है : एसपी इस संबंध में एसपी रौशन कुमार ने बताया कि करगहर थाने में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर ज्ञानदीप कुमार 2018 बैच का दारोगा है. उसकी शादी 18 नवंबर 2024 को वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार सराय गांव निवासी मनोज कुमार गुप्ता की बेटी मीनू कुमारी से हुई थी. शादी के कुछ माह बाद वह अपनी पत्नी के साथ करगहर थाना परिसर में स्थित सरकारी आवास में रहता था. बुधवार की रात 9:30 बजे के लगभग उसकी पत्नी की मौत संदिग्ध परिस्थिति में हो गयी है. प्रथम दृष्टया देखने में आत्महत्या प्रतीत होती है. गुरुवार को मृतका के परिजनों की उपस्थिति में एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलन किया है. मेडिकल बोर्ड गठित कर शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद और मृतका के परिजनों से प्राप्त आवेदन के आलोक में आगे की कार्रवाई की जायेगी. फिलहाल दारोगा ज्ञानदीप को पुलिस की निगरानी में करगहर थाने में रखा गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
