विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बांधा समां, शिक्षकों को उपहार देकर किया सम्मानित
किस्को, लोहरदगा : शिशु ज्ञान दीप पब्लिक स्कूल, जोरी में शनिवार को शिक्षक दिवस उत्साह, गरिमा और श्रद्धा के साथ मनाया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि चंद्रकिशोर भगत, विशिष्ट अतिथि अखज प्रजापति व बलराम ओझा तथा विद्यालय के शिक्षकों ने पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य संजय कुमार मिश्रा ने की.
प्रधानाचार्य ने कहा कि शिक्षक समाज के सच्चे मार्गदर्शक होते हैं. उनके ज्ञान और संस्कारों से ही राष्ट्र का उज्ज्वल भविष्य निर्मित होता है. मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों से शिक्षकों का सम्मान करने और डॉ. राधाकृष्णन के आदर्शों का अनुसरण करने की अपील की.
विद्यार्थियों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुति
शिक्षक दिवस पर विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये. समर कुमार, अफशा परवीन, आशीष उरांव, अंजित उरांव, सुमित उरांव, आशित उरांव, कृष्णा, समीर यादव, अनमोल, अनिकेत, सुजीत और प्रिंस सिंह ने भाषण, कविता व गीत प्रस्तुत किये. नर्सरी से कक्षा 10 तक के विद्यार्थियों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया.
समारोह में विद्यालय के सभी शिक्षकों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया. मंच संचालन कक्षा 10 की छात्रा तान्या परवीन और उम्मे अरीबा ने किया. अंत में हेमंत ने अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के प्रति आभार जताते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की.
