शेखपुरा में बेखौफ चोर: थाने से महज 200 गज दूर गराज से 90 हजार की चोरी, 4 साल में तीसरी बार बनाया निशाना

शेखपुरा. शहर के व्यस्त इलाके और आदर्श थाना से महज कुछ ही दूरी पर स्थित एक गराज को चोरों ने एक बार फिर अपना निशाना बनाया है. दल्लू चौक पर

शेखपुरा.

शहर के व्यस्त इलाके और आदर्श थाना से महज कुछ ही दूरी पर स्थित एक गराज को चोरों ने एक बार फिर अपना निशाना बनाया है. दल्लू चौक पर स्थित इस गराज से चोरों ने रविवार की देर रात करीब 90 हजार रुपये की मशीनें और अन्य कीमती सामान पार कर दिए. हैरानी की बात यह है कि पिछले चार सालों में इस गराज में चोरी की यह तीसरी वारदात है, जिससे व्यवसायियों में रोष और खौफ का माहौल है.

सुबह दुकान खोलने पर चला चोरी का पता

गराज के मालिक और भिट्ठापर मोहल्ला निवासी विनय कुमार ने घटना की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि रोजाना की तरह उनके कर्मचारी छोटू कुमार रविवार शाम करीब 7 बजे गराज को अच्छी तरह बंद करके अपने घर चले गए थे. अगले दिन सोमवार की सुबह लगभग 10 बजे जब छोटू ने आकर गराज खोला, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. गराज के अंदर से कई जरूरी औजार और कीमती मशीनें गायब थीं.

90 हजार की संपत्ति चोरी, 4 साल में तीसरी वारदात

दुकान के कर्मचारी छोटू कुमार के मुताबिक, गराज में रखे कई महंगे उपकरण चोरी कर लिए गए हैं. इनमें मुख्य रूप से ग्राइंडर, वेल्डिंग मशीन, वायरिंग का कीमती सामान और अन्य औजार शामिल हैं. चोरी गए इन सभी सामानों की कुल कीमत लगभग 90 हजार रुपये आंकी जा रही है. पीड़ित ने हताश होकर बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि पिछले 4 वर्षों के अंतराल में चोरों ने तीसरी बार उनके गराज में हाथ साफ किया है.

थाने से चंद कदमों की दूरी पर घटना, पुलिस बेखबर

यह घटना पुलिस की रात्रि गश्ती और कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है. पीड़ित का कहना है कि यह गराज टाउन थाना से मात्र 200 गज की दूरी पर स्थित है. दल्लू चौक जैसे शहर के सबसे व्यस्ततम इलाके में थाने के इतने करीब ऐसी घटना का बार-बार होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. वहीं, इस पूरे मामले पर टाउन थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार से जब बात की गई, तो उन्होंने बताया कि दल्लू चौक के गराज में हुई चोरी के संबंध में थाने को अब तक कोई औपचारिक सूचना या लिखित शिकायत नहीं दी गई है. शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AJAY KUMAR

AJAY KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >