छह माह से जलजमाव झेल रहे गरीबनगर वासियों को मिली राहत
छह माह से जलजमाव झेल रहे गरीबनगर वासियों को मिली राहत
By Rajeev Murarai Sinha Sinha | Updated at :
सड़क ऊंची होने से हो रही थी भारी परेशानी, चेयरमैन प्रतिनिधि के निर्देश पर ढलाई तोड़कर बनाया गया अस्थायी नाला
मेदनीचौकी. ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा बनायी गयी आरसीसी सड़क का लेयर ऊंचा होने के कारण सूर्यगढ़ा नगर परिषद के वार्ड संख्या आठ स्थित गरीबनगर गांव के पासवान टोला में मुख्य सड़क पर पिछले छह माह से जलजमाव की गंभीर समस्या बनी हुई थी. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण के समय ही उन्होंने लेयर ऊंचा होने पर जल निकासी के लिए नाला बनाने की मांग की थी, लेकिन तब उन्हें जल्द नाला बनाने का आश्वासन देकर टाल दिया गया. लगातार जलजमाव के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. लोगों को अपने घरों के सामने जमा दूषित पानी को खुद उपछना पड़ रहा था, जिससे संक्रमण का खतरा भी बना हुआ था. इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने नगर परिषद की चेयरमैन रूपम देवी के प्रतिनिधि सजन कुमार से शिकायत की. उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया. इसके उपरांत, मंगलवार को नगर परिषद के कर्मियों को भेजकर नवनिर्मित पीसीसी ढलाई को ग्रेंडर मशीन से कटवाकर अस्थायी नाला बनाया गया. इस कार्रवाई से गरीबनगर के पासवान टोला में जलजमाव से तत्काल राहत मिलती दिख रही है. हालांकि, राहत मिलने के बाद भी स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से मांग की है कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए यहां पक्की सड़क के साथ-साथ सुदृढ़ नाला का निर्माण कराया जाए.