प्राथमिक विद्यालय पथरवार के छात्र-छात्राओं ने लगायी गुहार
बारिश में जलजमाव से खेलकूद बाधित, चहारदिवारी के अभाव में असामाजिक तत्व विद्यालय को बना रहे निशाना
प्राणपुर. प्रखंड क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय पथरवार में बुनियादी सुविधाओं के अभाव से छात्र-छात्राएं खासे परेशान हैं. विद्यालय के छात्र-छात्राओं कुमारी दर्पण, शांति मूर्मू, खुशबू मरांडी, साक्षी कुमारी, अमृता कुमारी, अर्चना बास्की, दीनानाथ मंडल, गोविंद कुमार, सूरज सोरेन, रितिका राज सहित दर्जनों विद्यार्थियों ने जिला पदाधिकारी से विद्यालय परिसर में मिट्टी भराई और चहारदिवारी निर्माण कराने की मांग की है. छात्रों ने अपनी व्यथा बताते हुए कहा कि पथरवार एक आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है, जहां स्थित इस विद्यालय परिसर में बारिश के मौसम में जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है. पानी जमा होने के कारण बच्चे खेलकूद नहीं कर पाते हैं. परिसर में आने-जाने में भी भारी कठिनाई का सामना करना पड़ता है. वहीं, सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताते हुए विद्यार्थियों ने बताया कि विद्यालय में चहारदिवारी नहीं है, जिसके कारण असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है. रात के समय अक्सर ये तत्व विद्यालय भवन की खिड़की व फाटक को तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाते हैं. इन समस्याओं के कारण विद्यालय में पठन-पाठन का माहौल प्रभावित हो रहा है. बच्चों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. छात्र-छात्राओं ने प्रशासन से मामले की शीघ्र जांच कराकर विद्यालय में मिट्टी भराई व चहारदिवारी के निर्माण की गुहार लगायी है ताकि शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाया जा सके.
