निर्मली निर्मली पुलिस ने डीएसपी राजू रंजन कुमार के नेतृत्व में रविवार की देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अंतरराज्यीय अपराधियों के एक गैंग का पर्दाफाश किया. पुलिस ने मौके से एक देसी पिस्तौल (मास्केट), तीन जिंदा कारतूस, दो बाइक, पटना नंबर की एक वैगनआर कार तथा कई मोबाइल फोन बरामद किए. गिरफ्तार अपराधियों के खिलाफ विभिन्न थानों में 17 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं. बेला चौक पर मुठभेड़ जैसी स्थिति गश्ती के दौरान निर्मली थाना पुलिस बेला चौक के पास पहुंची. तभी सामने से आ रही ग्रे रंग की वैगनआर (संख्या बीआर 01 पीपी 4055) सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई. कार सवार तीन अपराधी मौके से कूदकर पोखर और नदी की ओर भागने लगे. पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक अपराधी को नदी से खदेड़कर पकड़ लिया. उसकी पहचान प्रमेश्वर यादव उर्फ पेट्रोलिया (33 वर्ष, निवासी लौकही, मधुबनी) के रूप में हुई. उसके पास से एक देसी पिस्तौल, एक गोली और दो मोबाइल बरामद हुए. दूसरे अपराधी की पहचान राधे साह (35 वर्ष, निवासी धरहरा, थाना अंधरामठ, मधुबनी) के रूप में हुई. उसके पास से 315 बोर की गोली, एक एप्पल मोबाइल और एटीएम कार्ड बरामद किए गये. दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर जब्ती सूची बनाई गई. साथी अपराधी भी चढ़े पुलिस के हत्थे इधर, अंधरामठ थाना पुलिस ने रविवार की रात संदेह के आधार पर पिंटू यादव उर्फ पंकज कुमार को दो बाइक सहित पकड़ लिया. पूछताछ में उसने बताया कि वह भी गैंग का सदस्य है और साथियों प्रमेश्वर यादव, राधे साह व रविंद्र मंडल (धनछीया वार्ड 07, अंधरामठ, मधुबनी) के साथ मिलकर अपहरण कर मोबाइल से पैसे ट्रांसफर कराने की साजिश रच रहा था. उसकी निशानदेही पर घटनास्थल से दो बाइक बरामद की गई. गिरफ्तार अपराधियों के खिलाफ मधुबनी व आसपास के जिलों में लूट, अपहरण, अवैध हथियार और चोरी जैसे 17 से अधिक मामले दर्ज हैं. गैंग का नेटवर्क बिहार से लेकर पड़ोसी राज्यों तक फैला हुआ है. पुलिस का मानना है कि इनकी गिरफ्तारी से जिले में आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगेगी. डीएसपी राजू रंजन कुमार ने बताया कि गैंग के बाकी सदस्यों की तलाश जारी है. अपराधियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और उनकी गतिविधियों का खुलासा किया जागा. अंतरराज्यीय स्तर पर भी पुलिस समन्वय स्थापित कर रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
