10वीं से 12वीं कक्षा के तीन लाख विद्यार्थियों को ऑनलाइन करायी जायेगी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी

इन विद्यार्थियों को जिले के 75 विभिन्न स्कूलों में स्थित आइसीटी लैब के माध्यम से विशेष कक्षाएं आयोजित कर परीक्षा की तैयारी करायी जायेगी.

संवाददाता, पटना

जिले के सरकारी स्कूलों में कक्षा, 10वीं, 11वीं, 12वीं के तीन लाख विद्यार्थियों को ऑनलाइन माध्यम से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करायी जायेगी. इन विद्यार्थियों को जिले के 75 विभिन्न स्कूलों में स्थित आइसीटी लैब के माध्यम से विशेष कक्षाएं आयोजित कर परीक्षा की तैयारी करायी जायेगी. इसके अलावा ऑनलाइन पढ़ाई आयोजित करने के लिए उच्च माध्यमिक स्कूलों में भी कंप्यूटर और बड़ी स्क्रीन लगायी जायेगी. स्कूलों को दिये गये दिशा-निर्देश में बताया गया है कि बिजली नहीं रहने पर बैट्री और इन्वर्टर का इस्तेमाल कर क्लास का संचालन किया जायेगा. शिक्षा विभाग से मिले निर्देश के बाद जिला शिक्षा कार्यालय स्तर पर इसकी तैयारी शुरू कर दी गयी है. इस योजना का उद्देश्य सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे मेधावी बच्चों को मेडिकल और इंजीनियरिंग की प्रतियोगी परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए तैयार करना है. प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए प्रतिदिन स्कूल अवधि के बाद स्कूल में ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा बच्चों को दी जायेगी. ऑनलाइन क्लास में आइआइटी कानपुर के शिक्षक सहयोग करेंगे. जिला शिक्षा कार्यालय के अनुसार शिक्षा विभाग जल्द ही आइआइटी कानपुर के साथ शैक्षणिक समझौता करने वाला है. विद्यार्थियों को ऑनलाइन क्लास में गणित, भौतिकी विज्ञान, रसायन विज्ञान और अंग्रेजी की कोचिंग दी जायेगी. इसी तरह मेडिकल की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को जीवविज्ञान, वनस्पति और अंग्रेजी की पढ़ाई करायी जायेगी. ऑनलाइन क्लास के लिए जिले के सभी आइसीटी लैब को भी सुदृढ़ किया जा रहा है.

एसएससी व अन्य जेनरल कंपीटिशन की भी कराई जायेगी तैयारी

कक्षा 11वीं और 12वीं में पढ़ने वाले वैसे बच्चे जो विज्ञान विषय में रूचि नहीं रखते उनके लिए एसएससी (स्टाफ सेलेक्शन कमीशन), रेलवे आदि जैसी जेनरल कंपीटिशन की तैयारी भी कराई जायेगी. ऐसे बच्चों का अलग से ग्रुप बनाया जायेगा. इसके लिए भी स्कूल के अलावा अतिरिक्त कक्षाएं संचालित की जायेगी. इन प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए विभागीय स्तर पर प्रसिद्ध संस्थानों के विशेषज्ञों का चयन किया जा रहा है.

विद्यार्थियोंं के लिए प्रत्येक सप्ताह आयोजित होगी टेस्ट

प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रत्येक सप्ताह में सोमवार से शुक्रवार तक ऑनलाइन क्लास आयोजित की जायेगी. एक सप्ताह में जो भी पढ़ाया जायेगा उसे बच्चों ने कितना समझा है इसे जांचने के लिए प्रत्येक सप्ताह टेस्ट आयोजित की जायेगी. इस दौरान मेधावी विद्यार्थियों की पहचान कर उनपर अधिक ध्यान देते हुये बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया जायेगा ताकि पहले प्रयास में ही इन्हें सफलता हासिल हो सके.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amber md

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >