दूसरे परिवार नियोजन पखवारा में मात्र 31 प्रतिशत मुंगेर स्वास्थ्य विभाग की उपलब्धि, लक्ष्य से दूर

मुंगेर स्वास्थ्य विभाग लाख प्रयासों के बावजूद परिवार नियोजन कार्यक्रम में निर्धारित लक्ष्य को हासिल नहीं कर पा रहा है.

निर्धारित 655 बंध्याकरण व नसबंदी के विरुद्ध मात्र 205 उपलब्धि

8 से 20 सितंबर तक चलाया गया था वित्तीय वर्ष 2025-26 का दूसरा परिवार नियोजन पखवारा

मुंगेर. मुंगेर स्वास्थ्य विभाग लाख प्रयासों के बावजूद परिवार नियोजन कार्यक्रम में निर्धारित लक्ष्य को हासिल नहीं कर पा रहा है. हाल यह है कि 8 से 20 सितंबर के बीच चले वित्तीय वर्ष 2025-26 के दूसरे परिवार नियोजन पखवारा में मुंगेर स्वास्थ्य विभाग अपने निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध मात्र 31 प्रतिशत ही उपलब्धि हासिल कर पाया.

बता दें कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा 8 से 20 सितंबर तक परिवार नियोजन पखवारा का आयोजन किया गया. जो वित्तीय वर्ष 2025-26 का दूसरा परिवार नियोजन पखवारा था. इस दौरान मुंगेर स्वास्थ्य विभाग को राज्य स्तर से 600 महिला बंध्याकरण तथा 55 पुरुष नसबंदी का लक्ष्य दिया गया. इस दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा 1 से 7 सितंबर के बीच परिवार नियोजन पखवारा को सफल बनाने के लिये दंपती संपर्क सप्ताह भी बनाया गया, लेकिन इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग पूरे पखवाड़े के दौरान मात्र 31 प्रतिशत लक्ष्य ही हासिल कर पाया. बताया गया कि 8 से 20 सितंबर के बीच चले दूसरे परिवार नियोजन पखवारा में मुंगेर स्वास्थ्य विभाग द्वारा महिला बंध्याकरण के कुल 600 लक्ष्य के विरुद्ध मात्र 201 बंध्याकरण ही किया गया. जो कुल लक्ष्य का 34 प्रतिशत रहा. वहीं पुरुष नसबंदी के कुल 55 लक्ष्य के विरुद्ध मात्र 4 नसबंदी ही किया गया. जो कुल लक्ष्य का मात्र 9 प्रतिशत ही रहा.

पहले पखवाड़े में भी मात्र रही थी 35 प्रतिशत उपलब्धि

बता दें कि मुंगेर स्वास्थ्य विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 का पहला परिवार नियोजन पखवारा 11 से 25 जुलाई के बीच चलाया गया था. इस दौरान भी मुंगेर स्वास्थ्य विभाग अपने कुल लक्ष्य 955 के विरुद्ध मात्र 35 प्रतिशत लक्ष्य ही हासिल कर पाया था. पहले परिवार नियोजन पखवारा के दौरान मुंगेर स्वास्थ्य विभाग को महिला बंध्याकरण का कुल 910 का लक्ष्य दिया गया था. जिसमें स्वास्थ्य विभाग द्वारा मात्र 354 महिला बंध्याकरण किया गया था, जबकि 45 पुरुष नसबंदी के विरुद्ध मात्र 8 नसबंदी की गयी थी.

सुविधाएं बढ़ी, लेकिन उपलब्धि में नहीं हुआ इजाफा

साल 2025 में मुंगेर स्वास्थ्य विभाग के सुविधाओं में काफी बढ़ोतरी हुई. इसमें अब मुंगेर स्वास्थ्य विभाग को अपने 9 प्रखंडों में संचालित कई स्वास्थ्य केंद्रों को नये भवन मिले, जबकि खुद मुंगेर सदर अस्पताल को 32 करोड़ की लागत से बना अत्याधुनिक 100 बेड का मॉडल अस्पताल मिल गया. इसके अतिरिक्त परिवार नियोजन पखवारा के दौरान बंध्याकरण व नसबंदी के लिये लगभग 12 चिकित्सकों को इंपैनल किया गया, लेकिन इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग के परिवार नियोजन कार्यक्रम की उपलब्धियों में कोई खास इजाफा नहीं हो पाया है. जिसके कारण परिवार नियोजन कार्यक्रम में मुंगेर स्वास्थ्य विभाग लगातार पिछड़ रहा है.

————-

दूसरे परिवार नियोजन पखवारा का प्रखंडवार उपलब्धि

प्रखंड महिला बंध्याकरण पुरुष नसबंदी

असरगंज 17 1

बरियारपुर 12 0

धरहरा 9 0

जमालपुर 24 0

खगड़पुर 12 0

सदर प्रखंड 16 0

संग्रामपुर 10 0

तारापुर 34 0

टेटियाबंबर 16 1

सदर अस्पताल 51 2

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT JHA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >