Giridih News : गिरिडीह मुफ्फसिल थाना क्षेत्र की एक महिला ने मारपीट व जबरन गर्भपात का आरोप लगाया है. पपरवाटांड़ सीसीएल कॉलोनी करहरबारी की उपासना कुमारी उर्फ उपासना सिंह ने अपने पति विकास कुमार सिंह, जेठ सुधांशु कुमार सिंह उर्फ मोनू सिंह, ससुर अशोक कुमार सिंह और गोतनी अंजलि सिंह को आरोपित किया है. उपासना का आरोप है कि विवाह के समय उनके माता-पिता ने उपहार और दहेज के रूप में 17.75 लाख रुपये और छह लाख का सामान दिया था. विवाह के कुछ ही समय बाद से उसे और दहेज लाने के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा. आरोप लगाया कि गर्भवती होने के बाद उनके पति और ससुराल वालों ने उस पर गर्भपात कराने के लिए दबाव डाला. गोतनी ने नशीला पदार्थ मिलाकर कोल्ड ड्रिंक पिला दिया. इससे उसका गर्भपात हो गया. तबीयत बिगड़ने के बाद उसे इलाज के लिए बाहर ले जाना पड़ा. डॉक्टरों ने काफी मुश्किल से जान बचायी. मुफ्फसिल थाना की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने कहा कि जांच के बाद कार्रवाई की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
