दोस्तों से मिलने आया था युवक पैदल तीन अपराधी आये और बरसाने लगे गोली संवाददाता, पटना कदमकुआं थाना क्षेत्र के लंगरटोली गली में तीन अपराधियों ने युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी. घटना उस वक्त हुई, जब दोपहर के करीब दो बजे युवक दोस्तों से मिलने पहुंचा. इस बीच वह बात कर ही रहा था कि तीन युवक पैदल आये और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गयी. मृतक की पहचान पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के इंद्रा कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय आशु उर्फ अंशु के रूप में हुई है. आशु को तीन गोली लगी है. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर कदमकुआं और पीरबहोर थाने की पुलिस और टाउन डीएसपी अशोक कुमार सिंह भी पहुंच गये. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. डीएसपी ने बताया कि गोली एक हाथ, एक गला और एक सिर में लगी है. घटना के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है. घटना स्मैके बेचने और पीने के विवाद में हुई है. मृतक को फोन कर अपराधी लंगर टोली लगी में बुलाया और गोली मारकर हत्या कर दी. अमरूदी गली के बाहर अपराधियों ने खड़ी कर रखी थी बाइक जानकारी के अनुसार अमरूदी गली के बाहर अपराधी अपनी बाइक खड़ी कर रखी थी. तीनों अपराधी पैदल आये और उसके पास पहुंचे. जब तक आशु कुछ समझ पाता, अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली चलते ही मौके पर भगदड़ मच गयी. वहीं तीनों अपराधी गोली मारते हुए पैदल ही अमरूदी गली के पास निकल गये. वहां पर पहले से खड़ी बाइक पर से तीनों फरार हो गये. मिली जानकारी के अनुसार अपराधियों से अंशु का पुराना विवाद था. अंशु स्मैक बेचता था और उसे पीने की लत भी थी. दरियापुर और लंगर टोली के कुछ लड़कों से उसका विवाद चल रहा था. इसी सब वजह से वह अपने घर में भी कम ही रहता था. हालांकि रविवार को वह घर में ही था. उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया और वह घर से निकल गया. आशु की मां ने कहा कि किसी ने उसे फोन किया और वह घर से निकल गया. करीब एक घंटे बाद ही उसके मौत की खबर मिली. मैगजीन और एक खोखा बरामद, छापेमारी पुलिस ने बताया कि घटना के बाद भागने के दौरान अपराधियों का पिस्टल का मैगजीन मौके पर ही छूट गया. एक खोखा भी मिला है. पुलिस ने मैगजीन और खोखा जब्त कर लिया है. स्थानीय लोगों ने बताया कि आशु काफी देर से अपने दोस्तों के साथ बात कर रहा था. वह हर दिन यहां दोस्तों से मिलने आता था. पुलिस फिलहाल छापेमारी कर रही है. सूत्रों की माने तो घटना को तीन अपराधियों ने अंजाम दिया है. इसमें एक अपराधी दरियापुर का रहने वाला है. दरियापुर के इसी अपराधी ने साल 2023 में एक वार्ड पार्षद के भाई पर जानलेवा हमला किया था. अपराधी अभी हाल ही में जेल से छूटा है. उसे इस बात का भी शक है कि आशु की वजह से ही उसकी गिरफ्तारी हुई थी. पुलिस उस अपराधी को तलाश रही है. डीएसपी ने कहा कि अभी अपराधियों की संख्या का पता नहीं चल सका है. लूट और हत्या मामले में कोतवाली से जा चुका है जेल डीएसपी ने बताया कि आशु को नशे की लत थी. नशेड़ियों के साथ उठना बैठना था. छानबीन में पता चला कि आशु कोतवाली थाना क्षेत्र से पूर्व में लूट व हत्या मामले में जेल जा चुका था. फिलहाल इसकी हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है. पुलिस ने उसका मोबाइल जब्त कर लिया है. आशु माता पिता का इकलौता बेटा था. उसके पिता मजदूरी करते हैं. घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर आशु की मां और अन्य परिजन पहुंच गए थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
