डॉ सीताराम दीन और डॉ उषारानी सिंह की पुण्यतिथि पर व्याख्यान
पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय हिंदी विभाग तथा डॉ सीताराम दीन-डॉ उषारानी सिंह स्मृति न्यास की ओर से सोमवार को कॉलेज ऑफ कॉमर्स, आर्ट्स एंड साइंस में साहित्यकार युगल की पुण्यतिथि पर व्याख्यान सह श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया.
संवाददाता, पटना:
पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय हिंदी विभाग तथा डॉ सीताराम दीन-डॉ उषारानी सिंह स्मृति न्यास की ओर से सोमवार को कॉलेज ऑफ कॉमर्स, आर्ट्स एंड साइंस में साहित्यकार युगल की पुण्यतिथि पर व्याख्यान सह श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. इस अवसर पर कवि-समीक्षक प्रो सीताराम दीन की पुस्तक ‘साहित्यालोचन: सिद्धांत और अध्ययन’ का लोकार्पण हुआ और पुस्तक की विद्वत समीक्षा प्रस्तुत की गयी. साथ ही डॉ उषारानी सिंह के साहित्यिक व्यक्तित्व पर व्याख्यान दिये गये. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य प्रो इंद्रजीत प्रसाद राय ने की. उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियां भी इस आयोजन से प्रेरणा ग्रहण करती रहेंगी. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पटना विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो रासबिहारी सिंह और पूर्व विधान पार्षद प्रो किरण घई ने कवि युगल के साहित्य एवं जीवन पर अपने संस्मरण साझा किये. हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो मंगला रानी ने बताया कि ‘दीन-उषा पुण्य स्मृति दिवस’ पिछले 36 वर्षों से निरंतर श्रद्धा और सम्मान के साथ आयोजित किया जा रहा है. मुख्य वक्ताओं में प्रो मनोज कुमार गुप्ता ने साहित्यालोचन सिद्धांत और अध्ययन पर डॉ दीन की आलोचना दृष्टि का विश्लेषण किया. डॉ मनीषा शंखधार ने डॉ उषारानी सिंह के साहित्य में जीवन–संगीत विषय पर आलेख प्रस्तुत किया, वहीं रवीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय भोपाल के डॉ नवनीत कुमार ने डॉ उषारानी सिंह के रेखाचित्रों में ग्राम्य जीवन पर व्याख्यान दिया. इस अवसर पर प्रो शिवनारायण, प्रो शांति शर्मा, डॉ अफरोज अशर्फी, प्रो संतोष कुमार, प्रो सुनीता लाल, प्रो छाया सिन्हा, प्रो उषा सिन्हा, प्रो उषा सिंह, प्रो रेखा मिश्रा प्रो अनिल कुमार और पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के सिनेट सदस्य अजय यादव सहित अनेक विद्वानों व शोधछात्रों ने श्रद्धांजलि अर्पित की. पीजी कार्यक्रम का संचालन शोध छात्र कुमार मंगलम रणवीर ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन राजन कार्तिकेय ने किया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.