साहिबगंज. जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी व जिला शिक्षा अधीक्षक के संयुक्त तत्वावधान में सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में कक्षा 8वीं से 12वीं तक की योग्य छात्राओं को अनुदान प्रदान किये जाने हेतु ई-विद्या वाहिनी पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया आरंभ कर दी गयी है. डीसी हेमंत सती ने बताया कि निदेशक, समाज कल्याण के निर्देशानुसार एक माह के भीतर सभी योग्य लाभार्थी छात्राओं को योजना की राशि का भुगतान किया जाना है. डीसी ने यह भी कहा कि प्रत्येक विद्यालय के एक शिक्षक या शिक्षिका को ऑनलाइन आवेदन जनरेट करने का प्रशिक्षण दिया जा चुका है, बावजूद इसके कई प्रखंडों में आवेदन की संख्या शून्य है, जो अत्यंत खेदजनक है. प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में कक्षा 8वीं की 11,427 छात्राओं में से केवल 2,370 ने, 9वीं की 6,622 में से 722 ने, 10वीं की 7,993 में से 971 ने, 11वीं की 2,907 में से मात्र 203 ने और 12वीं की 2,884 छात्राओं में से केवल 213 छात्राओं ने ही आवेदन किया है. डीसी ने डीईओ व डीएसई को निर्देश दिया है कि वे संबंधित प्रधानाध्यापकों को 15 दिनों के भीतर सभी पात्र छात्राओं के ऑनलाइन आवेदन अग्रसारित करने हेतु निर्देशित करें, ताकि कोई भी योग्य छात्रा योजना से वंचित न रह सके.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
