10 से शुरू होगी अर्द्धवार्षिक परीक्षा, 27 को जारी होगा रिजल्ट

कक्षा एक से आठवीं में पढ़ने वाले बच्चों की अर्द्धवार्षिक परीक्षा 10 से 18 सितंबर तक आयोजित की जायेगी.

-कक्षा एक और दो की मौखिक, तीन से आठ तक के लिए होगी लिखित परीक्षा

संवाददाता, पटना

कक्षा एक से आठवीं में पढ़ने वाले बच्चों की अर्द्धवार्षिक परीक्षा 10 से 18 सितंबर तक आयोजित की जायेगी. परीक्षा को लेकर राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीइआरटी) ने गाइडलाइन जारी की है. 27 सितंबर को राज्य के सभी प्रारंभिक व मध्य विद्यालयों में शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी आयोजित होगी, जिसमें वर्ग एक से आठवीं तक की प्रगति रिपोर्ट साझा की जायेगी. बच्चे प्रश्न सह उत्तर पुस्तिका अपने घर ले जायेंगे. जो अभिभावक संगोष्ठी में शामिल होंगे, उनको हस्ताक्षर करने के बाद ही प्रश्न सह उत्तर पुस्तिका उपलब्ध करायी जायेगी. एससीइआरटी की ओर से जारी गाइडलाइन के तहत कक्षा एक और दो के बच्चों की मौखिक अर्द्धवार्षिक परीक्षा आयोजित की जायेगी. यह विद्यालय के वर्ग शिक्षक द्वारा संपन्न किया जायेगा. कक्षा एक और दो की परीक्षा से संबंधित विषयवार प्रश्नपत्रों को इ-शिक्षा कोष पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध करायी जायेगी. वहीं वर्ग तीन के बच्चों के लिए शारीरिक शिक्षा व कल्याण, व्यावसायिक शिक्षा, कंप्यूटर विज्ञान और कला विषय का मूल्यांकन विद्यालय स्तर पर किया जायेगा और ग्रेडिंग दी जायेगी. इसके साथ ही वर्ग चार से आठवीं में भी कंप्यूटर विज्ञान का मूल्यांकन विद्यालय स्तर पर ही किया जायेगा. वर्ग तीन से आठवीं के बच्चों का अन्य विषयों की लिखित परीक्षा ली जायेगी.

9 से 18 सितंबर तक काम करेगा नियंत्रण कक्ष

एससीइआरटी ने परीक्षा को देखते हुए सभी जिलों में नियंत्रण कक्षा स्थापित करने का निर्देश दिया गया है. यह नियंत्रण कक्ष 9 से 18 सितंबर तक परीक्षा अवधि में संचालित किया जायेगा. नियंत्रण कक्ष से परीक्षा से संबंधित किसी तरह की जानकारी प्राप्त की जा सकती है. परीक्षा खत्म होने के बाद कक्षा तीन से आठवीं तक के बच्चों का प्रश्न पत्र सह उत्तर पुस्तिका की जांच नजदीक के कॉम्पलेक्स रिसोर्स केंद्र या संकुल स्तर स्तर पर की जायेगी. वर्ग एक और दो के बच्चों का अर्द्धवार्षिक मूल्यांकन मूल विद्यालय में ही किया जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMBER MD

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >