जहानाबाद नगर. अर्हता तिथि 1 जुलाई 2025 के आधार पर चल रहे निर्वाचन सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य के क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम अलंकृता पांडेय की अध्यक्षता में जिला अंतर्गत मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गयी. बैठक में बताया गया कि प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन एक अगस्त 2025 को किया गया था. इसके बाद एक अगस्त से एक सितंबर तक दावा-आपत्ति प्राप्त करने की अवधि निर्धारित थी. इस दौरान जिन मतदाताओं के नाम प्रारूप सूची में नहीं जुड़े थे अथवा जिनमें संशोधन की आवश्यकता थी, उनके आवेदन आमंत्रित किये गये. एक सितंबर, दावा-आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि थी. इस अवसर पर जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी उपस्थित थे. उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि अब वे जिले में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए विशेषकर युवा एवं महिला मतदाताओं को जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभाएं. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि महिला मतदाताओं की भागीदारी जितनी अधिक होगी, उतना ही स्वच्छ, सशक्त और बेहतर मतदान संभव हो सकेगा. जहानाबाद इस दिशा में निरंतर प्रगति कर रहा है और इसमें राजनीतिक दलों से भी अपेक्षित सहयोग अपेक्षित है. बैठक में यह भी बताया गया कि प्राप्त सभी दावे-आपत्तियों का निष्पादन किया जाएगा तथा 30 सितंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा. बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी के साथ साथ निर्वाचक निबंधक पदाधिकारी, मखदुमपुर विधानसभा क्षेत्र सह अपर समाहर्ता अनिल कुमार सिन्हा, उप निर्वाचन पदाधिकारी पूनम कुमारी, निर्वाचक निबंधक पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिन्हा, निर्वाचक निबंधक पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता अमु अमला, नोडल पदाधिकारी, जिला स्वीप कोषांग सह जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी शिल्पी आनंद, अवर निर्वाचन पदाधिकारी, अनुमंडल राहुल कुमार, अध्यक्ष, आम आदमी पार्टी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, प्रवक्ता, जिलाध्यक्ष भाजपा धीरज कुमार आदि थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
