आर्केस्ट्रा व डीजे पर पूरी तरह रोक, सीसीटीवी लगाना अनिवार्य

दशहरा पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक

-दशहरा पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक, राघोपुर. दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बुधवार की संध्या राघोपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता एसडीएम नीरज कुमार व एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने की. इस मौके पर बीडीओ ओमप्रकाश, थानाध्यक्ष अमित कुमार, अपर थानाध्यक्ष जैनेन्द्र झा, एसआई गौरीशंकर सहित कई पदाधिकारी व बड़ी संख्या में बुद्धिजीवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे. बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि इस वर्ष किसी भी मेला समिति को आर्केस्ट्रा या सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति नहीं होगी. यदि किसी समिति ने नियमों का उल्लंघन किया तो संबंधित समिति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी. साथ ही सभी पूजा समितियों को थाने से लाइसेंस लेना अनिवार्य किया गया है. बिना लाइसेंस के न तो मेला लगाया जा सकेगा और न ही मूर्ति विसर्जन की अनुमति दी जाएगी. एसडीएम नीरज कुमार ने कहा कि राघोपुर प्रखंड हमेशा से शांतिप्रिय क्षेत्र रहा है जहां हिन्दू और मुस्लिम समुदाय मिल-जुलकर भाईचारे के साथ पर्व-त्योहार मनाते हैं. उन्होंने सभी पूजा समितियों को कम से कम 50 स्वयंसेवकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया ताकि भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था सुचारु ढंग से की जा सके. वहीं, एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने साफ कहा कि मेला और विसर्जन के दौरान डीजे का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा और किसी भी प्रकार का जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी. नियम तोड़ने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य होगा. साथ ही सरकारी गाइडलाइन के अनुसार मेला स्थल पर अस्थायी शौचालय की व्यवस्था भी करनी होगी. बैठक के अंत में मौजूद जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने प्रशासन को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया और संकल्प लिया कि दशहरा पर्व को शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाया जाएगा. इस अवसर पर प्रो कमल प्रसाद यादव, प्रो बैद्यनाथ भगत, महेंद्र गुप्ता, प्रकाश कुमार यादव, ललित जयसवाल, सचिन माधोगड़िया, मो अताउर रहमान, शैलेंद्र सिंह, सतीश कुमार, अशोक भगत, विवेक जयसवाल, दिलीप पूर्वे, नूर आलम, अनिल सिंह, उमेश गुप्ता, रामचंद्र भगत, राजेंद्र यादव, मो अकरम, विजय मंडल, गणेश दास, प्रमोद कुमार, राधेश्याम भगत, रिंकू भगत, अमित भगत सहित दर्जनों गणमान्य लोग मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >