Chaibasa News :शांति व सद्भावना के माहौल में दुर्गा पूजा मनायें पूजा समितियां : मंत्री

केंद्रीय दुर्गापूजा समिति के मुख्य संरक्षक सह मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि पिछले वर्ष की भांति सभी पूजा समितियां शांति व सद्भावना के माहौल में दुर्गा पूजा मनायें.

चाईबासा.

केंद्रीय दुर्गापूजा समिति के मुख्य संरक्षक सह मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि पिछले वर्ष की भांति सभी पूजा समितियां शांति व सद्भावना के माहौल में दुर्गा पूजा मनायें. पूजा समितियों की जो भी समस्याएं होंगी, उसका जिला प्रशासन को अवगत करा कर समाधान किया जायेगा. श्री बिरुवा रविवार को स्थानीय रवींद्र भवन में केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष नितिन प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बतौर मुख्य अतिथि समिति के सदस्यों को संबोधित कर रहे थे. बैठक में चाईबासा में सड़कों की जर्जर स्थिति, स्ट्रीट लाइट के खराब होने, सड़कों पर पेड़ की डालियों के लटकने सहित विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गयी. उन्होंने कहा कि पूजा समिति के पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों की एक बैठक बुला कर पूजा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जायेगी.

समय पर निकले शोभायात्रा

अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने समय पर दुर्गा पूजा की शोभायात्रा निकालने और प्रतिमा विसर्जन करने की अपील की. उन्होंने शोभायात्रा में फिल्मी गीत के बजाय धार्मिक गीत बजाने का सुझाव दिया. उन्होंने सभी पूजा समितियों से आपसी सहयोग एवं समन्वय बनाए रखने पर बल दिया. इसके अलावा विसर्जन की तिथि को लेकर विचार-विमर्श किया गया. समिति के संरक्षक विजय राज यादव ने मंत्री का स्वागत किया. बैठक में मधुसूदन अग्रवाल, उपाध्यक्ष चंदन पांडेय, त्रिशानु राय, दिलीप खंडेलवाल, रितेश कुमार चिरानियां व विभिन्न पूजा समितियों के सदस्यों ने अपने विचार रखे. कार्यक्रम का संचालन महासचिव आनंद प्रियदर्शी व धन्यवाद ज्ञापन संयुक्त सचिव आशीष कुमार सिन्हा ने किया. बैठक में कमेटी का विस्तार करते हुए देवनाथ द्विवेदी को समिति का संयुक्त सचिव एवं सुकुमार दरिपा (बाबू दा) को समिति का कानूनी सलाहकार बनाया गया.

दुर्गा पूजा के दौरान एक भी व्यक्ति पर नहीं हुआ केस

समिति के संरक्षक राजीव नयनम ने पिछले वर्ष की गतिविधियों एवं पुरस्कार वितरण समारोह की रूप रेखा पर प्रकाश डाला. कहा कि समिति के प्रयास और मंत्री श्री बिरुवा की पहल पर पिछले वर्ष दुर्गा पूजा के दौरान शहर के किसी भी व्यक्ति पर 107 का केस नहीं हुआ.मौके पर समिति के उपाध्यक्ष संजय चौबे को चाईबासा चेंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज का अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष विकास शर्मा को चेंबर का कार्यकारिणी सदस्य चुने जाने पर माला पहना कर उनका अभिनंदन किया गया. बैठक में दुर्गा पूजा समितियों के 22 पदाधिकारी उपस्थित रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AKASH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >