Sasaram News : बिहार विधानसभा की सभी सीटों पर गौ भक्त लड़ेंगे चुनाव : शंकराचार्य

सनातन धर्म की रक्षा तभी संभव है, जब हम गौ माता का संरक्षण करेंगे.

डेहरी/इंद्रपुरी . सनातन धर्म की रक्षा तभी संभव है, जब हम गौ माता का संरक्षण करेंगे. गौ रक्षा हमारी आस्था का विषय ही नहीं, बल्कि यह हमारे समाज और संस्कृति की भी आधारशिला है. आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर गौ भक्त चुनाव लड़ेंगे. उक्त बातें जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी ने बिहार में सनातनी राजनीति का शंखनाद करने के बाद निकाली गयी गौ मतदाता संकल्प यात्रा के दौरान आरएसके पब्लिक स्कूल बस्तीपुर के प्रांगण में आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए शुक्रवार को कहीं. उन्होंने कहा कि हम सभी राष्ट्रीय पार्टी के दिल्ली कार्यालय पर गये और पूछा कि गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने के लिए अपना पक्ष लोकसभा सदन में रखिए और अपने पक्ष को हमें बताइए, लेकिन किसी भी राजनीतिक दल ने अभी तक गौ माता के विषय में अपना पक्ष नहीं बताया. इसलिए अब मजबूरी में हमें बिहार विधानसभा चुनाव में गौ भक्त प्रत्याशी उतारना पड़ रहा है. शंकराचार्य जी ने यह घोषणा की कि वह आगामी विधानसभा चुनावों में सभी विधानसभा क्षेत्रों से अपने उम्मीदवार खड़ा करेंगे. उन्होंने कहा कि नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद औपचारिक रूप से यह बताया जायेगा कि कौन-कौन उम्मीदवार उनके तरफ से चुनाव लड़ रहे हैं. उन्होंने सभी लोगों से आग्रह किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में केवल उन्हीं प्रत्याशियों को वोट दें, जो गौ रक्षा को लेकर स्पष्ट और दृढ़ संकल्पित हों. उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने यही कहा है कि गाय हमारी माता है. वेदों से लेकर आज तक भारतीय संस्कृति में गाय के बारे में कोई शब्द निकला है, तो माता शब्द निकला है. वेद कहता है गाय देश की माता है. गाय माता की तरह हमारा पोषण करती है. अगर गाय से प्रेम करने वाले सता में होते तो आज बिहार से गाय गायब नहीं होती. बिहार से गाय कैसे समाप्त हो गयी बड़ा प्रश्न है. सभा में उपस्थित संवाददाताओं द्वारा पूछे गये एक सवाल के जवाब में शंकराचार्य महाराज ने कहा कि नीतीश कुमार 20 वर्षों तक बिहार के मुख्यमंत्री के पद पर रहे. उन्होंने अच्छा कार्य किया, लेकिन वह अब वृद्ध हो चुके हैं इसलिए उन्हें चुनाव नहीं लड़ना चाहिए. सभा में भक्तों ने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज जी के संदेश को श्रद्धा और उत्साह के साथ आत्मसात किया. मौके पर शंकराचार्य जी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी शैलेंद्र योगिराज सरकार ने बताया महाराज जी गौ भक्तों का चुनाव प्रचार करेंगे. आने वाले समय में इस अभियान का बिहार चुनाव पर भी असर दिखेगा. विदित हो कि सीतामढ़ी से शुरू इस यात्रा का समापन 30 अक्तूबर को पटना में होगा. इसके तहत एक दिन एक जिला प्रवास में है. सभा में स्कूल के निदेशक आनंद सिंह, नगर पूजा समिति के आचार्य विनय कुमार मिश्रा उर्फ विनय बाबा, रंजन सिंह, प्रशांत सिंह, आर्यन सिंह, अखिलेश सिंह आदि उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >