सहरसा. सदर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अंग्रेजी शराब के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई सोमवार की शाम कहरा रमण गैस गोदाम रोड स्थित एक किराये के कमरे और मिनी ट्रक की तलाशी के दौरान की गयी. सदर थाना में पदस्थापित टी ओपी 2 प्रभारी पुअनि सनोज बर्मा को गुप्त सूचना मिली कि कश्यप कुमार द्वारा रूई और कपड़े के व्यवसाय की आड़ में अंग्रेजी शराब का अवैध कारोबार किया जा रहा है. रूई में छुपाकर शराब गोदाम से बटराहा स्थित दुकान तक पहुंचाई जा रही है. सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम परिपुअनि मुकेश यादव व गश्ती पदाधिकारी पीटीसी जयराम प्रसाद के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस को देखकर सामान लाद रहे दो व्यक्ति भागने लगे. जिन्हें पीछा कर पकड़ लिया गया. पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान राजीव कुमार निवासी डुमरिया बुजुर्ग, जिला खगड़िया व दीपक कुमार निवासी घोड़दौड़, थाना बनमा ईटहरी, जिला सहरसा के रूप में हुई. तलाशी के दौरान रूई के बोरे के नीचे से तीन कार्टन तथा कमरे से एक कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद हुई. बरामद 46 बोतल में 34.5 लीटर शराब बरामद की गयी. गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे कश्यप कुमार के निर्देश पर वाहन से शराब पहुंचाने का काम करते थे. पुलिस ने शराब एवं वाहन को जब्त करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया. इस मामले में कश्यप कुमार समेत तीन लोगों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
रूई के बोरे के नीचे से 34 लीटर शराब बरामद, दो गिरफ्तार
सदर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अंग्रेजी शराब के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है.
