Jharkhand Bandh Live Updates: जमशेदपुर में भी दिखा 'झारखंड बंद' का असर, सड़कों पर उतरे BJP कार्यकर्ता

झारखंड बंद लाइव
जेपीएससी नियुक्ति में गड़बड़ी को लेकर झारखंड बीजेपी ने राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है. रांची में पार्टी कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर और रोड ब्लॉक कर अपना विरोध जताया है.
जरूरी काम से निकले लोगों को हुई परेशानी
जमशेदपुर में ऑटो और बस सेवाएं का परिचालन आम दिनों की तुलना में कम होने के कारण सुबह-सुबह, ऑफिस, अस्पताल या अन्य जरूरी कामों के लिए निकले आम लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में थोड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. वहीं बंद के दौरान किसी भी प्रकार की कोई अप्रिय घटना न हो और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के संवेदनशील इलाकों और प्रमुख चौराहों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई. भाजपा नेताओं का कहना है कि यह प्रदर्शन झारखंड के युवाओं के भविष्य से हो रहे खिलवाड़ और छात्रों पर हुए बर्बर लाठीचार्ज के खिलाफ एक न्यायसंगत आवाज है.
बीजेपी ने जमशेदपुर के गोलमुरी चौक पर बंद कराया पब्लिक ट्रांसपोर्ट
भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमशेदपुर के गोलमुरी चौक पर झंडा बैनर के साथ सड़क पर उतरे और पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बंद कराया. वहीं टेल्को में भी कई दुकानों को सुबह सुबह बंद पाया गया. हालांकि सुबह सुबह बंदी का बहुत ही व्यापक असर देखने को नहीं मिला. बंदी के कारण आम दिनों की तुलना में सड़कों पर बसों, ऑटो और अन्य पब्लिक ट्रांसपोर्ट का परिचालन काफी कम रहा.
जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित धांधली तथा रांची में विधानसभा घेराव के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा बुलाए गए 'झारखंड बंद' का असर मंगलवार सुबह से ही जमशेदपुर शहर में देखने को मिला. सुबह से ही शहर के कुछ चौक-चौराहों पर भाजपा कार्यकर्ता पार्टी के झंडे लेकर सड़कों पर उतरे. कार्यकर्ताओं ने सार्वजनिक वाहनों के परिचालन का विरोध किया और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को बंद कराने की अपील की.
बीजेपी ने सोमवार को हुई घटना को दिया काला दिन करार
झारखंड बंद को सफल बनाने आए एक बीजेपी कार्यकर्ता ने कल के दिन को 'काला दिन' करार दिया है. आज बीजेपी खुलकर विरोध में सड़कों पर उतरी है. कल भी हम छात्रों के लिए CM आवास का घेराव करने निकले थे, जबकि स्टूडेंट्स विधानसभा का घेराव करने की कोशिश कर रहे थे. जिसका नतीजा ये हुआ कि हमारे सभी विधायकों, प्रतिनिधियों और नेताओं को रात 8 बजे तक होटवार में नजरबंद कर दिया गया. आज, उस घटना से उपजे आक्रोश के कारण हम जोरदार बंद कर रहे हैं. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि हम छात्रों को कोई नुकसान नहीं होने देंगे.
किशोरगंज चौक जाम
जेपीएससी नियुक्ति गड़बड़ी मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) द्वारा बुलाए गए 'झारखंड बंद' का असर राजधानी रांची में व्यापक असर देखने को मिल रहा है. बीजेपी कार्यकर्ता और समर्थक सुबह-सुबह ही रांची के प्रमुख किशोरगंज चौक पर पहुंच गए और पूरे चौराहे को जाम कर दिया. किशोरगंज चौक पर बीजेपी कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे लेकर पहुंचे और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. कार्यकर्ताओं द्वारा चौराहे को चारों तरफ से ब्लॉक कर देने के कारण सड़कों पर गाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह थम गई है. विरोध प्रदर्शन और सड़क जाम को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है. प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में रहे.
बंद की वजह से कई बस खाली
झारखंड बंद का असर आईटीआई बस स्टैंड पर सुबह से ही दिखा. सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम यात्री स्टैंड पहुंचे. बस कंडक्टर और ड्राइवर यात्री का इंतजार करते रहे. यात्री कम पहुंचने के कारण सुबह कई बसें खाली ही निकली. गुमला की कई बस आठ-दस यात्री लेकर ही निकले. कम यात्री पहुंचने के कारण स्टैंड सुना रहा.
जेपीएससी नियुक्ति गड़बड़ी मामले को लेकर झारखंड बीजेपी ने मंगलवार को अपना बंद बुलाया है. इसका असर सुबह से ही दिखने लगा है. बीजेपी कार्यकर्ता राजधानी रांची के विभिन्न सड़कों पर खड़े होकर रोड ब्लॉक कर रहे हैं. कई जगहों पर वे सड़क पर टायर जलाकर हाथों में पार्टी झंडे लिये प्रदर्शन कर रहे हैं. इस दौरान यात्रियों की आवाजाही सड़कों पर आम दिनों के मुकाबले कम है.