सावन में बिना प्याज-लहसुन भी खाना लगेगा रेस्टोरेंट जैसा टेस्टी, डिनर में ट्राई करें ये 5 इंस्टेंट रेसिपीज

Sawan Dinner Recipes: सावन में प्याज और लहसुन छोड़ने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि रात को आखिर ऐसा क्या बनाया जाए, जो खाने में भी टेस्टी लगे. अगर आपके मन में भी हर शाम यही सवाल आता है, तो इस आर्टिकल में बताई गई ये 5 इंस्टेंट डिनर रेसिपीज आपके एक्सपीरियंस को और भी ज्यादा मजेदार बना देंगी. इन्हें एक बार ट्राई करेंगे, तो बिना प्याज-लहसुन का खाना भी फीका नहीं लगेगा.

Sawan Dinner Recipes: सावन का महीना शुरू होते ही कई घरों में प्याज और लहसुन के इस्तेमाल पर ब्रेक लग जाता है. लोग पूरी तरह से सात्विक भोजन लेना शुरू कर देते हैं. सात्विक भोजन के वैसे तो कई फायदे हैं, लेकिन इसकी वजह से हर शाम एक सवाल तो दिमाग में उठता ही है कि अब रात को डिनर में क्या बनाया जाए, जो बिना प्याज और लहसुन के भी टेस्टी बने? अक्सर हम ऐसा मानते हैं कि बिना प्याज और लहसुन के खाने में वो रेस्टोरेंट वाला स्वाद आ ही नहीं सकता है. अगर आपका भी ऐसा ही मानना है, तो इस आर्टिकल में बताई गई डिशेज को सिर्फ एक बार ट्राई कर लेने के बाद आपकी सोच पूरी तरह से बदल जाने वाली है. सही मसालों और बनाने के स्मार्ट तरीके से आप बिना प्याज-लहसुन के भी ऐसी उंगलियां चाटने वाली डिशेज बना सकते हैं कि खाने वाले पहचान ही नहीं पाएंगे. अगर आप सावन के महीने में बिना प्याज और लहसुन के भी कुछ टेस्टी ट्राई करना चाहते हैं, तो ये 5 इंस्टेंट डिनर रेसिपीज आपके एक्सपीरियंस को और भी ज्यादा मजेदार बना देंगी. तो चलिए, जानते हैं इनके बारे में विस्तार से.

satvik dinner recipes

बिना प्याज-लहसुन वाली पनीर मखनी

पनीर लगभग हर किसी को ही पसंद होता है और जब आप सावन के महीने में नॉनवेज नहीं खाते हैं, तो यह प्रोटीन की कमी को पूरा करने में यही आपकी मदद करता है. आप अगर चाहें तो सावन के दिनों में बिना प्याज-लहसुन के भी होटल जैसी क्रीमी पनीर मखनी घर पर बना सकते हैं. इसे बनाने के लिए सबसे पहले टमाटर, अदरक और हरी मिर्च को मिक्सी में पीसकर एक पेस्ट बना लें. इसके बाद एक कढ़ाई में थोड़ा सा घी या तेल गरम करें और फिर इसमें जीरा, तेजपत्ता और हींग का छौंक लगाएं. इसके बाद मिक्सी में पिसा हुआ टमाटर का पेस्ट डालें और धीमी आंच पर भूनें. जब मसाला तेल छोड़ने लगे, तब इसमें हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च और थोड़ा सा काजू का पेस्ट मिला दें. अब स्वादानुसार नमक और थोड़ा पानी डालकर ग्रेवी को उबलने दें. लास्ट में पनीर के टुकड़े और गरम मसाला डालकर 5 मिनट तक पकाएं. आपकी टेस्टी पनीर मखनी तैयार है, जिसे आप आसानी से रोटी के साथ एन्जॉय कर सकते हैं.

ये भी पढ़ें: सुबह नाश्ता बनाने का नहीं मिल रहा समय? सूजी से मिनटों में तैयार करें ये 5 टेस्टी डिशेस

मिनटों में बनने वाली दही वाले आलू की सब्जी

अगर आपके पास समय की कमी है और आपको कुछ मिनटों में तैयार करके खाने का मन है, तो दही वाले आलू आपके लिए सबसे बेस्ट चॉइस हो सकते हैं. आप इसे पूरी, पराठे या चावल के साथ काफी मजे से खा सकते हैं. इसे बनाने के लिए सबसे पहलेउबले हुए आलू को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. इसके बाद एक कटोरी में फ्रेश दही लें और उसमें हल्दी, धनिया पाउडर और थोड़ा सा बेसन मिलाकर अच्छे से फेंट लें. इसके बाद एक कढ़ाई में घी गरम करें और फिर इसमें जीरा, राई, हरी मिर्च और हींग डालें और फिर इसमें आलू डालकर 2 मिनट तक भूनें. इसके बाद गैस को धीमा करें और दही वाला घोल डालकर लगातार चलाते रहें, ताकि दही फटे नहीं. जब एक उबाल आ जाए, तो नमक डालें और 5 मिनट पकने दें. लास्ट में ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालकर गर्मागर्म सर्व करें.

सब्जियों से लोडेड मिक्स वेज भुर्जी

यह एक ऐसी डिश है जो टेस्टी होने के साथ ही सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद है. इसे बनाने में आपको ज्यादा से ज्यादा 15 मिनट का ही समय लगेगा. मिक्स वेज भुर्जी बनाने के लिए सबसे पहले अपनी पसंद की सब्जियां जैसे शिमला मिर्च, गाजर, बीन्स, मटर और थोड़ा सा कद्दूकस किया हुआ पनीर ले लें. इसके बाद एक कढ़ाई में तेल या घी गरम करके उसमें जीरा, अदरक और हरी मिर्च का तड़का लगाएं. अब कटी हुई गाजर, बीन्स और शिमला मिर्च डालकर मीडियम आंच पर पकाएं. जब सब्जियां थोड़ी सॉफ्ट हो जाएं, तो इसमें हल्दी, लाल मिर्च, अमचूर पाउडर और नमक मिलाएं. लास्ट में कद्दूकस किया हुआ पनीर और हरा धनिया डालकर 2 मिनट के लिए ढककर पकाएं.

ये भी पढ़ें: कम तेल में बनकर तैयार हो जाते हैं ये क्रिस्पी सूजी अप्पे, सुबह के नाश्ते के लिए हैं एकदम परफेक्ट

टमाटर और मूंगफली की स्पेशल कढ़ी

टमाटर और मूंगफली की यह कढ़ी बिना प्याज और लहसुन के बनने वाली सबसे यूनिक और मजेदार डिश है. इसमें आपको टमाटर का खट्टापन और मूंगफली का क्रंची स्वाद का जबरदस्त कॉम्बिनेशन मिल जाता है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले दो बड़े टमाटर की प्यूरी बना लें और भुनी हुई मूंगफली को दरदरा यानी कि हल्का मोटा पीस लें. इसके बाद एक बर्तन में बेसन, दही और पानी को अच्छे से मिलाकर पतला बैटर तैयार कर लें. अब कढ़ाई में घी गरम करके राई, कढ़ी पत्ता, सूखी लाल मिर्च और हींग डालें और फिर इसमें टमाटर की प्यूरी डालकर 2 मिनट भूनें और उसके बाद बेसन-दही का बैटर डाल दें. इसे लगातार चलाते हुए उबाल आने दें और जब उबाल आ जाए तो इसमें पिसी हुई मूंगफली, नमक और थोड़ी सी चीनी मिलाएं. इसे 10 से 12 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें.

न्यूट्रिशियस और पेट भरने वाला चटपटा चना मसाला

अगर आप रात के समय कुछ ऐसा खाना चाहते हैं जो आपका पेट भी भरे और न्यूट्रिशियस भी हो, तो चटपटा चना मसाला आपके लिए सबसे बेहतर ऑप्शन है. आप इसे जीरा राइस और पूरी के साथ मजे से खा सकते हैं. इसे बनाने के लिए सबसे पहले उबले हुए काबुली चने लें और फिर इसमें टमाटर, अदरक और हरी मिर्च को एक साथ पीसकर ग्रेवी तैयार करें. इसके बाद कढ़ाई में तेल गरम करके जीरा, लौंग और बड़ी इलायची का तड़का लगाएं. अब इसमें टमाटर की ग्रेवी डालकर अच्छे से भूनें और फिर इसमें हल्दी, धनिया पाउडर, चना मसाला, थोड़ी सी कस्तूरी मेथी और नमक डालें. जब मसाला तेल छोड़ दे, तो इसमें उबले चने और थोड़ा पानी मिला दें. इसे धीमी आंच पर 10 मिनट पकने दें ताकि चनों के अंदर तक मसालों का स्वाद अच्छे से सेट हो जाए.

ये भी पढ़ें: सिर्फ 5 मिनट में तैयार होंगी पोहे की ये 4 लाजवाब रेसिपीज, आसान इतनी कि रोज बनाने का करेगा मन


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सौरभ पोद्दार

सौरभ पोद्दार एक लाइफस्टाइल जर्नलिस्ट हैं और पिछले 4 सालों से डिजिटल मीडिया में एक्टिव हैं. उन्होंने रांची के सेंट जेवियर्स कॉलेज से जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया है. फिलहाल, सौरभ 'प्रभात खबर' के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बतौर कंटेंट राइटर काम कर रहे हैं. सौरभ को उन टॉपिक्स पर लिखना सबसे ज्यादा पसंद है, जो हमारी रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े हैं. उनके आर्टिकल्स में आपको हेल्थ, फिटनेस, स्किन-हेयर केयर, पेरेंटिंग, हेल्दी रेसिपीज, घरेलू नुस्खे, रिलेशनशिप और वास्तु शास्त्र जैसी उपयोगी जानकारियां मिलेंगी. फिटनेस और अच्छी सेहत सौरभ की निजी जिंदगी का भी अहम हिस्सा हैं. वे जिन विषयों पर लिखते हैं, उन्हें अपनी रूटीन में फॉलो भी करते हैं. उनका मानना है कि जब आप किसी चीज को खुद एक्सपीरियंस करते हैं, तभी दूसरों तक सही और प्रैक्टिकल जानकारी पहुंचा सकते हैं. उनकी हमेशा यही कोशिश रहती है कि वे ट्रेंडिंग टॉपिक्स पर बिल्कुल आसान और आम बोलचाल की हिंदी में लिखें, ताकि हर पाठक उसे आसानी से समझ सके. यही वजह है कि उनके लिखे आर्टिकल्स काफी एंगेजिंग और SEO-फ्रेंडली होते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >