Matka Malai Kulfi: गर्मियों की दोपहर हो और ठंडी-ठंडी मटका मलाई कुल्फी खाने को मिल जाए तो मजा ही आ जाता है. मटका मलाई कुल्फी को आप घर पर आसानी से बना सकते हैं. गाढ़े दूध, केसर और इलायची का कॉम्बिनेशन खाने में स्वादिष्ट लगता है. मटका मलाई कुल्फी की रेसिपी को कंटेंट क्रिएटर रेशू ड्रोलिया ने इंस्टाग्राम अकाउंट @mintsrecipes पर शेयर किया है.
मटका मलाई कुल्फी बनाने के लिए क्या सामग्री चाहिए?
• 1.5 लीटर दूध
• आधा कप काजू
• 150 ग्राम गुड़
• 1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
• 1 छोटा चम्मच केसर
• कुछ कटे हुए पिस्ता और बादाम
मटका मलाई कुल्फी को कैसे तैयार करें?
- मटका मलाई कुल्फी बनाने के लिए एक बड़े बर्तन में दूध को लें. दूध को आपको मीडियम लो फ्लेम पर पकाना है जब तक ये गाढ़ा न हो जाए. इसे बीच-बीच में चलाते रहें.
- जब दूध आधे से भी कम हो जाए और रबड़ी के जैसा गाढ़ा हो जाए तब आप इसमें केसर वाला दूध और इलायची पाउडर मिला दें.
- केसर वाला दूध बनाने के लिए आप एक कटोरे में थोड़ा दूध लेकर केसर को मिला दें.
- अब आप मिक्सर जार में काजू को डालें और इसका पेस्ट बना लें. काजू के पेस्ट को आप गाढ़े दूध में मिला दें. सभी चीजों को अच्छे से मिक्स करें और इसे दो मिनट के लिए पका लें.
- गैस को बंद कर दें और बर्तन को उतार लें. फिर आप इसमें गुड़ को डाल दें.
- जब मिश्रण पूरी तरह ठंडा हो जाए तब मिक्सर जार में डालकर ब्लेंड कर लें जिससे ये स्मूथ हो जाए.
- अब आप छोटे छोटे मटके को लें. इसमें आप कुल्फी के मिश्रण को डालें. ऊपर से कटे हुए पिस्ता और बादाम को डाल दें. इसे आप ढककर फ्रिजर में 10 से 12 घंटे के लिए सेट होने के लिए रख दें. इस तरह से आप मटका मलाई कुल्फी को घर में बना सकते हैं.
यह भी पढ़ें: Spongy Dhokla Recipe: मिनटों में तैयार करें एकदम मुलायम और जालीदार ढोकला, जानें बनाने का तरीका
यह भी पढ़ें: Aloo Dum Recipe: घर पर बनाएं सबकी फेवरेट आलू दम, इस तरीके से करें तैयार
