Laundry Mistakes: क्या आपने कभी इस बात पर गौर किया है कि नए जैसे दिखने वाले कपड़े कुछ ही दिनों में फीके, ढीले और खुरदुरे से लगने लगते हैं. जब ऐसा होता है तो हमें लगता है कि कपड़े की क्वालिटी ही खराब है, जबकि ऐसा होने के पीछे हमारे कुछ गलतियां सबसे बड़ी वजह होती है. आप सभी कपड़ों को धोना एक सिंपल टास्क समझते होंगे लेकिन, अगर सही तरीका अपनाया नहीं जाता है तो आपके फेवरेट कपड़े कुछ ही दिनों में पूरी तरह से डैमेज हो जाते हैं. आज इस आर्टिकल में हम आपको कुछ गलतियों के बारे में बताने जा रहे हैं जिन्हें अक्सर आप कपड़ों को धोते समय दोहराते हैं. अगर आप चाहते हैं कि आपके कपड़े लंबे समय तक नए जैसे बने रहें तो आपको इन गलतियों को समय रहते ही सुधार लेना चाहिए.
ज्यादा डिटर्जेंट का इस्तेमाल करना
बहुत से लोगों को ऐसा लगता है कि कपड़ों को अच्छी तरह से साफ करने के लिए ज्यादा डिटर्जेंट की जरूरत होती है. आपको बता दें ऐसा सोचना पूरी तरह से गलत है. जब आप ज्यादा साबुन या फिर डिटर्जेंट का इस्तेमाल करते हैं तो ये आपके कपड़ों में जम जाते हैं और कुछ ही समय में फैब्रिक अपनी सॉफ्टनेस भी खो देती है. आपकी इस गलती की वजह से कपड़े की क्वालिटी भी समय से पहले ही खराब हो जाती है. कपड़े धोते समय आपको सही मात्रा में ही डिटर्जेंट का इस्तेमाल करना चाहिए.
यह भी पढ़ें: कपड़ों से आने वाली पसीने की बदबू से हैं परेशान? अपनाएं ये आसान और असरदार टिप्स
पानी के तापमान का ख्याल न रखना
आप जिस भी कपड़े को धो रहे हैं आपको उसे ध्यान में रखते हुए पानी के तापमान का चुनाव करना चाहिए. जब आप गर्म पानी में कपड़े धोते हैं तो सिर्फ उनका रंग नहीं उतरता, वे सिकुड़ भी जाते हैं. वहीं, ज्यादा ठंडे पानी में धोने से कपड़े अच्छी तरह साफ नहीं होते हैं. कपड़ों को धोने से पहले आपको उसमें लगे हुए टैग को ध्यान से पढ़ना चाहिए और फिर उसी के अनुसार पानी का इस्तेमाल करना चाहिए.
कपड़ों को जरूरत से ज्यादा रगड़ना
कई लोगों की आदत होती है कि वे कपड़ों को अच्छे से साफ करने के लिए उन्हें जोर-जोर से रगड़ते और पटकते हैं. अगर आप भी ऐसी गलती करते हैं तो अब रुक जाने का समय है. आपकी इस गलती की वजह से फैब्रिक कमजोर होता है और कपड़े आसानी से फट भी जाते हैं. अगर कपड़े में लगे दागों से आप छुटकारा पाना चाहते हैं तो उन्हें हल्के हाथों से ही साफ करें.
यह भी पढ़ें: वॉशिंग मशीन में कपड़े धोते समय आप भी तो नहीं कर रहे ये गलतियां? जान लें वरना होगा नुकसान
कपड़ों को लंबे समय तक भिगोकर रखना
आपको कभी भी कपड़ों को ज्यादा देर तक पानी में भिगोकर नहीं छोड़ना चाहिए. आपकी यह आदत कपड़ों के लिए काफी ज्यादा हानिकारक हो सकती है. अगर आप बार-बार ऐसा करते हैं तो कपड़ों का रंग फैल जाता है और साथ ही फैब्रिक भी खराब हो जाता है. अगर कोई डेलिकेट कपड़ा है तो आपको उसे कभी भी ज्यादा देर तक पानी में भिगोकर नहीं रखना चाहिए. कपड़ों को 15 से 20 मिनट पानी में भिगोना काफी होता है.
कपड़ों को गलत तरीके से सुखाना
कपड़ों को सही तरीके से धोना ही नहीं, उन्हें सही तरीके से सुखाना भी आपके लिए उतना ही जरूरी हो जाता है. अगर आप तेज धूप में कपड़ों को सुखाते हैं तो उनका रंग उड़ जाता है, जबकि हैवी कपड़ों को टांगने से कुछ ही समय में उनका शेप बिगड़ जाता है. सबसे बेहतर होगा कि आप कपड़ों को उनकी जरूरत के हिसाब से छांव या फिर बिलकुल हल्की धूप में सुखाएं. वहीं, हैवी कपड़ों को फ्लैट जमीन या इस तरह की किसी जगह पर फैलाकर सुखाएं.
यह भी पढ़ें: पुराना लग रहा है लकड़ी का फर्नीचर? अपनाएं ये सुपर इजी टिप्स और पाएं नयी जैसी शाइन
