आलू पराठा बनेगा एकदम क्रिस्पी, बस बनाते समय रखें इन बातों का ध्यान

Crispy Aloo Paratha Recipe: घर पर बनाएं एकदम क्रिस्पी आलू पराठा. नरम या फटने की चिंता छोड़ें. आटे से लेकर तवे तक, जानें सीक्रेट टिप्स और आसान रेसिपी.

Crispy Aloo Paratha Recipe: सुबह के नाश्ते में गरमा-गरम आलू पराठा मिल जाए तो दिन की शुरुआत ही मजेदार हो जाती है. ऊपर से थोड़ा मक्खन, साथ में दही या अचार और चाय हो, तो स्वाद और भी बढ़ जाता है. लेकिन कई बार घर पर आलू पराठा बनाते समय वह बाजार या ढाबे जैसा क्रिस्पी नहीं बन पाता. पराठा कभी ज्यादा नरम हो जाता है, तो कभी बेलते समय फटने लगता है.

अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. आलू पराठे को कुरकुरा बनाने के लिए आटे से लेकर तवे का तापमान और सेंकने का तरीका, हर चीज का ध्यान रखना (Crispy Aloo Paratha Recipe) जरूरी है. आइए जानते हैं क्रिस्पी आलू पराठा बनाने की आसान रेसिपी.

PC: Freepik

आलू पराठा बनाने के लिए सामग्री

आटे के लिए:

  • 2 कप गेहूं का आटा
  • स्वादानुसार नमक
  • जरूरत के अनुसार पानी

आलू की स्टफिंग के लिए:

  • 4-5 उबले हुए आलू
  • 1-2 हरी मिर्च, बारीक कटी हुई
  • 1 छोटा चम्मच अदरक, बारीक कटा या कद्दूकस किया हुआ
  • 2 बड़े चम्मच हरा धनिया, बारीक कटा हुआ
  • ½ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • ½ छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
  • ½ छोटा चम्मच अमचूर पाउडर
  • ¼ छोटा चम्मच गरम मसाला
  • स्वादानुसार नमक

यह भी पढ़ें: मक्के के आटे से बनाएं ऐसी कुरकुरी पूड़ी, रोटी भी लगेगी फीकी, जानें आसान तरीका

Crispy Aloo Paratha Recipe: ऐसे बनाएं क्रिस्पी आलू पराठा

1

आलू पराठे के लिए आटा बहुत ज्यादा नरम न गूंधें. इसके लिए 2 कप गेहूं का आटा लें और उसमें थोड़ा नमक डालकर मिलाएं. अब पानी की मदद से मध्यम नरम आटा गूंध लें.

2

आटे को अच्छी तरह गूंधने के बाद करीब 15 से 20 मिनट के लिए ढककर रख दें. इससे आटा सेट हो जाता है और पराठा बेलने में आसानी होती है.

3

स्टफिंग के लिए 4 से 5 उबले हुए आलू लें. ध्यान रखें कि आलू बहुत ज्यादा गीले न हों. उन्हें अच्छी तरह मैश कर लें ताकि उसमें कोई बड़ा टुकड़ा न रहे.

4

अब इसमें बारीक कटी हरी मिर्च, थोड़ा अदरक, हरा धनिया, नमक, लाल मिर्च, भुना जीरा पाउडर, थोड़ा अमचूर और स्वाद के अनुसार गरम मसाला डालें. सारी चीजों को अच्छी तरह मिला लें.

5

स्टफिंग में पानी या ज्यादा तेल डालने से बचें. सूखी और अच्छी तरह बंधी हुई स्टफिंग से पराठा आसानी से बेलता है और तवे पर कुरकुरा भी बनता है.

6

आटे की एक लोई लेकर उसे थोड़ा बेलें और बीच में आलू की स्टफिंग रखें. अब किनारों को उठाकर स्टफिंग को अच्छी तरह बंद कर दें.

7

इसे हल्के हाथों से दबाएं और थोड़ा सूखा आटा लगाकर बेल लें. पराठा न बहुत पतला हो और न ही बहुत मोटा. अगर स्टफिंग बाहर निकलने लगे, तो ज्यादा जोर लगाकर बेलने के बजाय धीरे-धीरे चारों तरफ से बेलें.

8

अब तवे को अच्छी तरह गर्म करें. तवा बहुत ठंडा होगा तो पराठा ठीक से नहीं सिकेगा और ज्यादा तेल सोख सकता है. वहीं, बहुत ज्यादा गर्म तवे पर पराठा बाहर से जल्दी सिक सकता है और अंदर से कच्चा रह सकता है.

9

गरम तवे पर पराठा डालें और जब ऊपर की तरफ हल्के बुलबुले दिखने लगें, तब इसे पलट दें. दूसरी तरफ थोड़ा घी या तेल लगाएं. फिर पराठे को पलटकर दूसरी तरफ भी घी या तेल लगाएं.

10

अब कलछी से पराठे के किनारों और बीच वाले हिस्से को हल्के हाथ से दबाते हुए दोनों तरफ सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंकें.

क्रिस्पी पराठे के लिए ये टिप्स अपनाएं

  • स्टफिंग में पानी न रहने दें.
  • आटा बहुत ज्यादा ढीला न रखें.
  • पराठे को बहुत पतला न बेलें.
  • तवा पहले से अच्छी तरह गर्म करें.
  • घी या तेल एक साथ ज्यादा डालने के बजाय जरूरत के हिसाब से लगाएं.
  • पराठे को मध्यम आंच पर सेंकें.
  • दोनों तरफ अच्छी तरह सुनहरे निशान आने तक पकाएं.

ऐसे करें सर्व

गरमा-गरम क्रिस्पी आलू पराठे (Crispy Aloo Paratha Recipe) को ऊपर से थोड़ा मक्खन लगाकर सर्व करें. इसके साथ ठंडी दही, आम का अचार, हरी चटनी या प्याज परोस सकते हैं. बस इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखें और घर पर भी बाहर से क्रिस्पी और अंदर से स्वादिष्ट आलू पराठा आसानी से तैयार करें.

यह भी पढ़ें: न खोया, न मावा, कम सामान में बनाएं ऐसी लाजवाब मूंग दाल की बर्फी कि मेहमान भी मांगकर खाएंगे

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By स्मिता दे

स्मिता दे प्रभात खबर में डिजिटल कंटेंट क्रिएटर के तौर पर काम कर रही हैं. बुक्स पढ़ना, डांसिंग और ट्रैवलिंग इनकी रुचि है. ये लाइफस्टाइल, फूड, हेल्थ और ट्रेंडिंग टॉपिक्स कवर करती है. रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी उपयोगी और रोचक जानकारी रीडर्स तक पहुंचाना इन्हें पसंद है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >