Curry Leaves Podi Recipe: आजकल सोशल मीडिया पर कई आसान और स्वादिष्ट रेसिपी वायरल होती रहती हैं. हाल ही में इंस्टाग्राम पेज @ohfoodiefinds ने करी पत्ते से बनने वाली खास मसाला रेसिपी करी लीव्स पोड़ी शेयर की है. यह साउथ इंडियन स्टाइल का मसाला पाउडर है, जो खाने का स्वाद कई गुना बढ़ा देता है. करी पत्ता सेहत के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है. इसमें आयरन, कैल्शियम और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं. इसी करी पत्ते से बनने वाली करी लीव्स पोड़ी एक स्वादिष्ट और पौष्टिक मसाला है जिसे आप चावल, इडली या डोसा के साथ खा सकते हैं. इंस्टाग्राम पेज @ohfoodiefinds ने इसे बनाने का बहुत आसान तरीका बताया है, जिसे आप घर पर आसानी से तैयार कर सकते हैं.
बनाने के लिए सामग्री
- 1 कप ताजा करी पत्ता
- 2 बड़े चम्मच चना दाल
- 1 बड़ा चम्मच उड़द दाल
- 4-5 सूखी लाल मिर्च
- 1 छोटा चम्मच जीरा
- 1 छोटा चम्मच काली मिर्च
- 2-3 लहसुन की कलियां
- स्वादानुसार नमक
- 1 छोटा चम्मच तेल
बनाने की विधि
- सबसे पहले एक पैन को गैस पर रखें और उसमें थोड़ा सा तेल डालें. अब उसमें चना दाल और उड़द दाल डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें. इसके बाद इसमें सूखी लाल मिर्च, जीरा और काली मिर्च डालकर कुछ सेकंड तक भूनें.
- अब इसमें करी पत्ते डालकर धीमी आंच पर तब तक भूनें जब तक वे पूरी तरह से सूख न जाएं. इसके बाद गैस बंद कर दें और मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें.
- जब यह ठंडा हो जाए, तब इसमें लहसुन और नमक डालकर मिक्सर में दरदरा पीस लें. आपकी खुशबूदार करी लीव्स पोड़ी तैयार है.
- इस पोड़ी को आप गर्म चावल पर घी डालकर खा सकते हैं. इसके अलावा इडली, डोसा या पराठे के साथ भी यह बहुत स्वादिष्ट लगती है. इसे एयरटाइट डिब्बे में रखकर कई दिनों तक इस्तेमाल किया जा सकता है.
यह भी पढ़ें: रिफ्रेशिंग पाइनएप्पल-केल स्मूदी: थकान मिटाए, इम्युनिटी बढ़ाए और दे इंस्टेंट ग्लो
यह भी पढ़ें: कम समय में बनाएं टेस्टी दूध सेव भाजी, सुवर्णा बागुल स्टाइल में
