Instant Tiffin Recipes: सुबह के समय लगभग सभी घरों में एक भागम-भाग का माहौल होता है. घर के बड़े अपने काम पर जाने की जल्दबाजी में होते हैं, तो वहीं दूसरी तरफ बच्चे स्कूल बस पकड़ने की हड़बड़ी में. ऐसे में किसी भी पेरेंट के लिए सबसे बड़ा सिरदर्द यह समझना होता है कि टिफिन में ऐसा क्या बनाया जाए जो इंस्टेंटली बन भी जाए, खाने में भी टेस्टी हो और साथ ही सेहत के लिए भी फायदेमंद हो. अक्सर जल्दबाजी के चक्कर में हम घर पर पोहा, पराठा या आलू की सब्जी पैक करके निकल पड़ते हैं, लेकिन रोज-रोज इन्हें खाकर बच्चे सबसे ज्यादा चिढ़ जाते हैं.
अगर आप भी सुबह की इस जल्दबाजी में कुछ यूनिक ट्राई करना चाहते हैं, तो आज का यह आर्टिकल आपके लिए बिल्कुल एक गाइड की तरह होने वाला है. आज हम आपको 5 ऐसी इंस्टेंट टिफिन रेसिपीज के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें तैयार होने में 10 मिनट से भी कम समय लगता है. इन रेसिपीज की सबसे खास बात यह है कि ये बिल्कुल नई हैं और साथ ही टिफिन के एक्सपीरियंस को और भी मजेदार बना देती हैं. तो चलिए, इन रेसिपीज के बारे में विस्तार से जानते हैं.
जरूर ट्राय करें खिली-खिली सेवईं उपमा
अगर आप हर दिन पोहा या फिर सूजी का उपमा खाकर ऊब चुके हैं और इनकी जगह पर कुछ यूनिक बनाना चाहते हैं, तो सेवईं उपमा आपके लिए एक बेहतरीन ऑप्शन साबित हो सकता है. इसे बनाने के लिए बाजार में मिलने वाले रोस्टेड सेवईं का इस्तेमाल करें. इसके बनाना बहुत ही ज्यादा आसान है और इसमें समय भी ज्यादा नहीं लगता है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में थोड़ा सा तेल गरम करें और फिर उसमें राई, कढ़ी पत्ता, हरी मिर्च और कटी हुई गाजर या मटर डालकर एक मिनट भून लें. इसके बाद इसमें डेढ़ कप पानी, नमक और थोड़ी सी हल्दी मिलाकर पानी को उबलने दें. जैसे ही पानी उबलने लगे, उसमें एक कप सेवईं डाल दें और ढक्कन लगाकर धीमी आंच पर 3 से 4 मिनट पकने दें. पानी सूखते ही आपकी खिली-खिली और टेस्टी सेवईं तैयार हो जाएगी.
ये भी पढ़ें: सुबह नाश्ता बनाने का नहीं मिल रहा समय? सूजी से मिनटों में तैयार करें ये 5 टेस्टी डिशेस
क्रिस्पी दही-सूजी तवा ब्रेड भी है बेहतरीन चॉइस
ब्रेड पकोड़े बहुत ही लाइट और कम तेल में तैयार होने वाली रेसिपी है, जो खाने में बहुत ही टेस्टी लगता है. इस डिश को बनाने के लिए सबसे पहले एक कटोरी में 4 चम्मच सूजी, 2 चम्मच गाढ़ा दही, बारीक कटी शिमला मिर्च, प्याज, हरा धनिया, नमक और थोड़ी सी काली मिर्च मिलाकर 2 मिनट के लिए रख दें. अब इस गाढ़े घोल को ब्रेड की एक तरफ अच्छी तरह लगा दें. इसके बाद एक गरम तवे पर थोड़ा सा घी या बटर लगाएं और ब्रेड को घोल वाली तरफ से तवे पर रख दें. अब इसे 1 से 2 मिनट में पलटकर दूसरी तरफ से भी हल्का सेक लें। यह टोस्ट बाहर से क्रिस्पी और अंदर से एकदम सॉफ्ट बनता है.
हेल्दी चना दाल और पालक का चीला
बेसन और मूंग दाल का चीला तो हम सभी आए दिन बनाते और खाते रहते हैं, लेकिन चना दाल और पालक का यह जबरदस्त कॉम्बिनेशन स्वाद और सेहत दोनों के लिए ही एक बढ़िया चॉइस है. इसे बनाने के लिए रात को सोने से पहले थोड़ी सी चना दाल पानी में भिगोकर रख दें. अब सुबह मिक्सी के जार में भिगोई हुई दाल, फ्रेश पालक के पत्ते, हरी मिर्च, अदरक, नमक और थोड़ा सा जीरा डालकर बारीक पीस लें. इसके बाद इस घोल को गरम तवे पर डोसे की तरह फैलाएं और थोड़ा सा तेल लगाकर दोनों तरफ से सेक लें. यह चीला प्रोटीन से भरपूर होता है और ठंडा होने के बाद भी एकदम सॉफ्ट रहता है.
ये भी पढ़ें: कम तेल में बनकर तैयार हो जाते हैं ये क्रिस्पी सूजी अप्पे, सुबह के नाश्ते के लिए हैं एकदम परफेक्ट
इंस्टेंट पनीर और कॉर्न का रैप
यह एक ऐसी रेसिपी है जो बच्चों को बहुत ही ज्यादा पसंद आती है. जब आप इसे टिफिन में पैक करके अपने बच्चों को देते हैं, तो उनके लिए इसे खाना बहुत ही आसान हो जाता है. इसे बनाने के लिए एक बर्तन में मैश किया हुआ पनीर, उबले हुए स्वीट कॉर्न, चाट मसाला, चिली फ्लेक्स और नमक डालकर मिला लें. अब एक गेहूं की रोटी लें, उस पर थोड़ी सी मेयोनेज या टोमैटो कैचप लगाएं और बीच में पनीर-कॉर्न का मसाला रखकर रोल बना दें. अगर आप चाहें तो इस रोल को तवे पर थोड़ा सा सेक भी सकते हैं ताकि यह बाहर से थोड़ा क्रिस्पी हो जाए.
मखाना और कॉर्न की भुर्जी
अगर आपके पास सुबह टिफिन बनाने का समय बिल्कुल भी नहीं है, तो उस समय 5 मिनट में बनने वाली यह रेसिपी आपके सबसे ज्यादा काम आती है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक कढ़ाई में 1 चम्मच घी गरम करें और उसमें एक कप मखाना और आधा कप उबले हुए स्वीट कॉर्न डालें. अब इन्हें धीमी आंच पर 2 से 3 मिनट के लिए क्रिस्पी होने तक भूनें. इसके बाद इसमें थोड़ा सा भुना जीरा पाउडर, काला नमक, चाट मसाला और हरा धनिया मिला दें. यह लाइट और क्रिस्पी नाश्ता मिनटों में टिफिन के लिए तैयार हो जाता है.
ये भी पढ़ें: सिर्फ 5 मिनट में तैयार होंगी पोहे की ये 4 लाजवाब रेसिपीज, आसान इतनी कि रोज बनाने का करेगा मन
