Bleeding Gums Remedy: अगर दांत साफ करते समय मसूड़ों से खून निकलता है या मुंह से बदबू आती है, तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए. यह मसूड़ों की कमजोरी, बैक्टीरिया या गलत ओरल केयर की वजह से हो सकता है. डेंटिस्ट अंशु प्रिया के अनुसार सही तरीके से दांतों की सफाई और कुछ आसान आदतों को अपनाकर इस समस्या से काफी हद तक बचा जा सकता है.
इन तरीकों से बचाएं अपने दांत
सही तरीके से ब्रश करें
दिन में कम से कम दो बार ब्रश करना बहुत जरूरी है. ब्रश करते समय ज्यादा जोर न लगाएं और सॉफ्ट ब्रिसल वाला ब्रश इस्तेमाल करें. इससे मसूड़े सुरक्षित रहते हैं और खून निकलने की समस्या कम हो सकती है.
फ्लॉस करना न भूलें
सिर्फ ब्रश करने से दांतों के बीच फंसे कण साफ नहीं होते. रोजाना फ्लॉस करने से दांतों के बीच जमे बैक्टीरिया और गंदगी निकल जाती है, जिससे बदबू और मसूड़ों की सूजन कम होती है.
नमक के पानी से कुल्ला करें
गुनगुने पानी में थोड़ा नमक डालकर कुल्ला करने से मसूड़ों की सूजन कम होती है और बैक्टीरिया भी खत्म होते हैं. यह एक आसान और असरदार घरेलू उपाय है.
जीभ की सफाई भी जरूरी
बहुत से लोग दांत साफ करते हैं लेकिन जीभ साफ नहीं करते. जीभ पर जमा बैक्टीरिया भी मुंह की बदबू का बड़ा कारण बनते हैं. इसलिए रोजाना टंग क्लीनर से जीभ साफ करें.
ज्यादा मीठा और तंबाकू से बचें
ज्यादा मीठा खाने और तंबाकू का सेवन करने से दांतों और मसूड़ों को नुकसान पहुंचता है. इससे बैक्टीरिया तेजी से बढ़ते हैं और खून आने की समस्या भी बढ़ सकती है.
जरूरत पड़ने पर डेंटिस्ट से मिलें
अगर लगातार मसूड़ों से खून आ रहा है या बदबू दूर नहीं हो रही है, तो तुरंत डेंटिस्ट से जांच करवानी चाहिए. समय पर इलाज कराने से बड़ी समस्या से बचा जा सकता है.
यह भी पढ़ें: चावल भिगोने की जरूरत नहीं, रेणुका सालुंके की रेसिपी से बनाएं रवा डोसा
यह भी पढ़ें: कच्ची सब्जियां खाने से पहले जान लें ये जरूरी बातें, वरना पूरे शरीर में होगी दिक्कत
