बॉलीवुड एक्ट्रेस यामी गौतम धर के फैंस के लिए बड़ी खबर है. उनकी अपकमिंग फैंटेसी फैमिली फिल्म ‘नई नवेली’ का ऐलान हो गया है. Amazon MGM Studios और Colour Yellow की इस फिल्म में यामी लीड रोल में नजर आएंगी. फिल्म को 16 अक्टूबर 2026, यानी दशहरा के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा.
परफेक्ट बहू या डायन? कहानी में है बड़ा ट्विस्ट
‘नई नवेली’ की कहानी मेरठ के एक अजीबोगरीब परिवार पर आधारित है. फिल्म में एक नई दुल्हन की एंट्री होती है, जो देखते ही देखते परिवार की चहेती बन जाती है. उसकी मौजूदगी से घर का माहौल खुशियों से भर जाता है और वह एक परफेक्ट बहू की तरह नजर आती है.
लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आता है, जब उसका देवर उसके व्यवहार पर शक करने लगता है. उसे लगता है कि उसकी भाभी जितनी सामान्य और परफेक्ट दिखाई दे रही हैं, शायद असल में वैसी हैं नहीं. उसके मन में सवाल उठता है कि कहीं उसकी भाभी डायन तो नहीं? इसके बाद कहानी फैंटेसी, कॉमेडी और रोमांच के साथ आगे बढ़ती है.
यामी गौतम का दिखेगा नया अंदाज
फिल्म में यामी गौतम एक बिल्कुल अलग किरदार में नजर आएंगी. उनके किरदार में मासूमियत, गर्मजोशी और शरारत का मेल देखने को मिलेगा. फिल्म का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है, जबकि कहानी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है.
फिल्म का निर्माण आनंद एल राय और हिमांशु शर्मा ने किया है. वहीं संगीत की जिम्मेदारी मशहूर संगीतकार जी. वी. प्रकाश कुमार ने संभाली है.
दशहरा पर फैमिली एंटरटेनमेंट
मेकर्स ‘नई नवेली’ को एक फुल फैमिली एंटरटेनर के तौर पर पेश करने की तैयारी में हैं. फिल्म में पारिवारिक रिश्तों और कॉमेडी के साथ फैंटेसी और रहस्य का तड़का देखने को मिलेगा. अब देखना दिलचस्प होगा कि 16 अक्टूबर 2026 को रिलीज होने वाली ‘नई नवेली’ दर्शकों को कितना पसंद आती है.
