बिग बॉस 20 के ग्रैंड प्रीमियर का इंतजार खत्म होने वाला है, लेकिन शो शुरू होने से पहले ही सलमान खान सुर्खियों में आ गए हैं. वजह उनका कोई नया लुक या शो की फीस नहीं, बल्कि सेट पर हुआ एक ऐसा वाकया है, जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिया. पपराजी के सामने सलमान अचानक नाराज नजर आए और उन्होंने फोटोग्राफर्स को साफ शब्दों में जवाब दे दिया.
आखिर ऐसा क्या हुआ कि सलमान का मूड बिगड़ गया?
शुक्रवार शाम सलमान खान बिग बॉस 20 के प्रीमियर एपिसोड की शूटिंग कर रहे थे. शूटिंग के बाद जब वह सेट से बाहर निकले तो वहां मौजूद पपराजी ने उन्हें कैमरे के लिए पोज देने को कहा. इसी दौरान एक फोटोग्राफर ने सलमान को ‘बाबा’ कहकर बुलाया. बस फिर क्या था, सलमान ने तुरंत पलटकर जवाब दिया. उनका अंदाज देखकर साफ लग रहा था कि वह इस बात से खुश नहीं थे. सलमान ने कहा, ‘बाबा? ये तुम्हारा काम नहीं है. मुझे कैमरे के सामने आने की कोई जरूरत नहीं है.’ पपराजी इसके बाद भी सलमान से तस्वीरों के लिए कहते रहे. इस पर अभिनेता ने नाराजगी भरे अंदाज में ‘फोटो... फोटो... फोटो’ कहा. सलमान का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.
प्रीमियर से पहले सलमान का खास अंदाज
दिलचस्प बात यह है कि इसी दिन सलमान खान ने बिग बॉस 20 के सेट से अपनी तस्वीरें भी साझा की थीं. तस्वीरों में वह काले रंग की टी-शर्ट, गहरे रंग की पैंट और ग्रे रंग की जैकेट में नजर आए. सिर पर काउबॉय हैट उनके लुक को और खास बना रही थी. सलमान ने सेट पर बने विशाल ‘20’ के साथ तस्वीरें खिंचवाईं. उन्होंने इन तस्वीरों के साथ सिर्फ ‘#BiggBoss20’ लिखा.
120 करोड़ रुपये की फीस ने भी खींचा ध्यान
शो के होस्ट के तौर पर सलमान की फीस भी लगातार चर्चा में है. बिग बॉस 20 के पूरे सीजन के लिए सलमान खान को करीब 120 करोड़ रुपये दिए जाने की बात सामने आई है. हालांकि, इस रकम की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. सलमान 2010 में ‘बिग बॉस 4’ से इस शो के होस्ट बने थे. इसके बाद से शो और सलमान खान का रिश्ता लगातार मजबूत होता गया.
6 सितंबर को खुलेगा बिग बॉस का घर
अब असली इंतजार 6 सितंबर का है. इसी दिन बिग बॉस 20 का ग्रैंड प्रीमियर होगा. शो रात 9 बजे जियोहॉटस्टार पर और रात 10:30 बजे कलर्स टीवी पर प्रसारित किया जाएगा. शो शुरू होने से पहले सलमान का यह नाराजगी वाला वीडियो चर्चा में आ गया है. अब देखना दिलचस्प होगा कि घर के अंदर कंटेस्टेंट्स के साथ सलमान का अंदाज कितना अलग दिखाई देता है.
ये भी पढ़ें: Bigg Boss 20: काउबॉय लुक में सलमान खान ने शूट किया ग्रैंड प्रीमियर, जानें कब और किस OTT पर देख सकेंगे शो
