Taapsee Pannu Gandhari Movie: बॉलीवुड में अलग तरह के रोल चुनने के लिए जानी जाने वाली तापसी पन्नू एक बार फिर चर्चा में हैं. उनकी हालिया फिल्म ‘अस्सी’ भले ही बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं कर पाई, लेकिन उनकी एक्टिंग की खूब तारीफ हुई. अब एक्ट्रेस कुछ नया और दमदार करने की तैयारी में हैं. दरअसल, तापसी पन्नू इस बार थोड़े अलग अंदाज में दिखने वाली हैं. उनकी अगली फिल्म गांधारी, जिसे देवाशीष मखीजा ने डायरेक्ट किया है, जिसमें तापसी गांधारी से प्रेरित किरदार निभाती नजर आने वाली हैं.
आंखों पर पट्टी बांधे दिखेंगी तापसी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की कहानी एक ऐसी मां के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने बच्चे की सुरक्षा के लिए हर हद तक जाने को तैयार है. खास बात ये है कि फिल्म में तापसी पन्नू आंखों पर पट्टी बांधकर जबरदस्त एक्शन करती नजर आएंगी, जो उनके अब तक के किरदारों से बिल्कुल अलग होगा.
साल के अंत तक हो सकती है रिलीज
फिल्म का टाइटल और कॉन्सेप्ट कहीं न कहीं गांधारी से प्रेरित है. महाभारत की कथा में गांधारी ने अपने नेत्रहीन पति के साथ जीवन बिताने के लिए खुद भी आंखों पर पट्टी बांध ली थी. इसी थीम को फिल्म में आधुनिक अंदाज में पेश किया जाएगा. बताया जा रहा है कि गांधारी एक रिवेंज ड्रामा होगी, जिसमें एक्शन और इमोशन का जबरदस्त मिश्रण देखने को मिलेगा. फिल्म में इश्वक सिंह भी अहम भूमिका में नजर आएंगे. इसकी शूटिंग मार्च में पूरी हो चुकी है और इसे साल के आखिर तक रिलीज किया जा सकता है. फिल्म थियेटर के बदले नेटफ्लिक्स पर रिलीज की जाएगी.
यह भी पढे़ं: बर्फीली वादियों में क्वालिटी टाइम बिता रहे आलिया-रणबीर, तस्वीरें वायरल
