Rashmika Mandanna: सोशल मीडिया पर अक्सर पुराने वीडियो या ऑडियो अचानक वायरल हो जाते हैं और फिर उन पर नया विवाद खड़ा हो जाता है. इस बार ऐसा ही कुछ साउथ और बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना के साथ हुआ है. हाल ही में उनका एक पुराना ऑडियो क्लिप इंटरनेट पर तेजी से फैल रहा है, जिसके बाद एक्ट्रेस ने खुलकर नाराजगी जताई है और इसे लेकर सख्त कदम उठाने की चेतावनी दी है.
8 साल पुराना ऑडियो वायरल
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक पुराना ऑडियो क्लिप वायरल हो रहा है, जिसे करीब 8 साल पुराना बताया जा रहा है. इस ऑडियो में कथित तौर पर रश्मिका की मां सुमन मंदाना उनकी पुरानी रिलेशनशिप को लेकर बात करती हुई सुनाई दे रही हैं. जैसे ही यह क्लिप इंटरनेट पर फैली, इसे लेकर तरह-तरह की बातें होने लगीं. इस पूरे मामले पर अब रश्मिका मंदाना ने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए कड़ा रिएक्शन दिया है.
रश्मिका ने सोशल मीडिया पर जताया गुस्सा
रश्मिका ने एक लंबा पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि जो लोग उनकी इस यात्रा में साथ रहे हैं और जो लोग इस मामले से जुड़े हैं, उन्हें सच पता होना चाहिए. उन्होंने कहा कि करीब 8 साल पहले कुछ मीडिया ग्रुप्स और ऑनलाइन यूजर्स ने उनके खिलाफ गलत जानकारी फैलाने और उन्हें टारगेट करने की कोशिश शुरू की थी. एक्ट्रेस ने यह भी कहा कि उनकी कई बातों को गलत तरीके से पेश किया गया और जो बातें उन्होंने कभी कही ही नहीं, उन्हें भी झूठी कहानियों में बदल दिया गया.
‘व्यूज और रीच के लिए फैलायी गयी नफरत’
रश्मिका के अनुसार, कई लोगों ने सिर्फ व्यूज, रीच और एंगेजमेंट बढ़ाने के लिए इस तरह की नफरत को बढ़ावा दिया. उन्होंने कहा कि इस सब से उन्हें दुख जरूर हुआ, लेकिन उन्होंने धैर्य रखा और चुप रहना ही बेहतर समझा. उन्होंने बताया कि पब्लिक फिगर होने के नाते उन्हें लगा कि कभी-कभी गलत आलोचना का सामना करना पड़ता है, इसलिए उन्होंने इसे नजरअंदाज किया.
अब लीगल एक्शन की वार्निंग
हालांकि, एक्ट्रेस ने कहा कि पिछले 24 घंटों में जो कुछ हुआ, उसने सारी हदें पार कर दी हैं. उनके मुताबिक यह पुरानी निजी बातचीत बिना अनुमति के रिकॉर्ड की गई थी और अब उसका एक छोटा हिस्सा गलत व्यू में वायरल किया जा रहा है. रश्मिका ने यह भी कहा कि इस विवाद में उनके परिवार को भी घसीटा जा रहा है, जबकि उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है. उन्होंने इसे अपनी प्राइवेसी पर हमला बताया. अंत में एक्ट्रेस ने साफ कहा कि जो लोग यह ऑडियो और उससे जुड़ी बातें फैला रहे हैं, वे इसे तुरंत हटा दें. उन्होंने 24 घंटे का समय देते हुए चेतावनी दी कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो वह कानूनी कार्रवाई करेंगी.
यह भी पढे़ं: धुरंधर के एक सीन में मेकर्स से हुई है गलती, क्या आपने नोटिस किया?
