Peddi Movie: राम चरण और जान्हवी कपूर की नई फिल्म ‘पेड्डी’ का ट्रेलर मुंबई में रिलीज हो गया है. इस खास मौके पर राम चरण ने एक दिल छू लेने वाली बात बताई. उन्होंने कहा कि उनके पिता और मेगास्टार चिरंजीवी ने फिल्म का कुछ हिस्सा देखा है. फिल्म देखने के बाद चिरंजीवी ने उन्हें एक बहुत ही खास और जरूरी सलाह दी, जिसे सुनकर राम चरण काफी खुश हो गए.
पापा चिरंजीवी ने क्या कहा?
राम चरण ने बताया कि उनके पापा ने उनसे कहा, “राम, ऐसी शानदार फिल्में किसी भी कलाकार को रोज-रोज या हर साल नहीं मिलतीं. ऐसी फिल्म मिलने में कभी-कभी एक दशक (10 साल) का समय लग जाता है. हर साल हम ‘मगधीरा’ या ‘RRR’ जैसी बड़ी फिल्में नहीं बना सकते.”
चिरंजीवी ने अपने बेटे से आगे कहा कि वह इस फिल्म के हर एक पल का आनंद लें, क्योंकि ऐसी लाजवाब कहानी लाइफ में बार-बार नहीं मिलती.
राम चरण के लिए क्यों खास है यह फिल्म?
राम चरण ने अपनी पुरानी सुपरहिट फिल्मों का नाम लेते हुए कहा कि पहले ‘मगधीरा’ आई, फिर कई सालों बाद ‘रंगस्थलम’ और फिर ‘RRR’ आई. इन बड़ी फिल्मों के बीच में बहुत लंबा समय लगा था. लेकिन वह खुद को किस्मत वाला मानते हैं कि ‘RRR’ के बाद यह फिल्म ‘पेड्डी’ उनके पास थोड़ी जल्दी आ गई. राम चरण ने कहा कि यह उनके जीवन की सबसे ज्यादा इंस्पायरिंग कहानी है और वह इस फिल्म को हमेशा अपनी यादों में संभालकर रखना चाहते हैं.
फिल्म की कहानी क्या है?
‘पेड्डी’ की कहानी आंध्र प्रदेश के विजयनगरम में सेट है, जहां पेड्डी नाम का एक शख्स रहता है जो क्रिकेट, कुश्ती और रेसिंग, तीनों में माहिर है. वह अपने गांव के गरीब लोगों की गुंडों से खेल और अपनी ताकत के दम पर रक्षा करता है.
फिल्म में राम चरण की टक्कर ‘मिर्जापुर’ के मुन्ना भैया यानी दिव्येंदु शर्मा से होते नजर आएगी.
स्टारकास्ट और रिलीज डेट
फिल्म में राम चरण के साथ जान्हवी कपूर उनकी प्रेमिका अचियम्मा के रोल में दिखेंगी. इसके अलावा शिवा राजकुमार, जगपति बाबू, दिव्येंदु और बोमन ईरानी जैसे कलाकार भी अहम किरदार निभा रहे हैं.
रिलीज की बात करें तो यह फिल्म 4 जून 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी.
यह भी पढ़ें: Peddi Trailer: क्रिकेट, कुश्ती और खून-खराबा, राम चरण की ‘पेड्डी’ ने इंटरनेट हिला दिया
