Raja Shivaji: बॉलीवुड में इन दिनों रितेश देशमुख की राजा शिवाजी फिल्म की खूब चर्चा है. फिल्म को लेकर फैंस काफी एक्साइटेड हैं, लेकिन अब इससे जुड़ी एक बड़ी अपडेट सामने आई है, जिसने सबका ध्यान खींच लिया है. दरअसल, रितेश देशमुख की इस फिल्म का एंथम ‘छत्रपति’ 13 अप्रैल को रिलीज होने वाला था. लेकिन दिग्गज गायिका आशा भोसले के निधन के बाद मेकर्स ने इसे पोस्टपोन करने का फैसला लिया है.
प्रोडक्शन हाउस ने जताया शोक
प्रोडक्शन हाउस जिओ स्टूडिओज ने सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए कहा कि, “जिस आवाज ने दशकों तक हमारे दिलों पर राज किया, उसके खामोश होने से हम गहरे शोक में हैं. आशा भोसले को सम्मान देते हुए हम ‘छत्रपति’ एंथम की रिलीज को आगे बढ़ा रहे हैं. नई तारीख जल्द बताई जाएगी.” इस फिल्म का एंथम खास इसलिए भी है क्योंकि इसका म्यूजिक मशहूर जोड़ी अजय-अतुल ने तैयार किया है, जबकि कोरियोग्राफी रेमो डी सुजा ने की है.
रितेश ने खुद किया फिल्म को डायरेक्ट
फिल्म राजा शिवाजी को खुद रितेश देशमुख ने डायरेक्ट और को-राइट किया है. इसके साथ ही उनकी पत्नी जिनेलिया देशमुख और ज्योति देशपांडे इस फिल्म की प्रोड्यूसर हैं. स्टारकास्ट की बात करें तो फिल्म में संजय दत्त, सलमान खान, अभिषेक बच्चन, महेश मांजरेकर, सचिन खेडेकर, भाग्यश्री, फरदीन खान और अमोल गुप्ते जैसे कई बड़े नाम नजर आने वाले हैं. बताया जा रहा है कि ये फिल्म 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
