Patriotic Song List: इन 8 बॉलीवुड गानों के बिना अधूरी है देशभक्ति की वाइब्स, आखिरी वाला सबसे खास

Patriotic Song List: देशभक्ति के रंग में रंगे बॉलीवुड के ये मशहूर गाने हर भारतीय के दिल में जोश, गर्व और भावनाओं की लहर जगा देते हैं. राष्ट्रीय पर्व पर ये गीत माहौल को और भी खास बना देते हैं. गणतंत्र दिवस के मौके पर पढ़िए बॉलीवुड के उन गानों की लिस्ट, जो देशभक्ति की लौ को जलाते हैं.

Patriotic Song List: आज जब हर तरफ ओटीटी प्लेटफॉर्म्स और अलग-अलग तरह का कंटेंट भरा पड़ा है, तब भी देशभक्ति से जुड़े गानों की बात ही कुछ और होती है. भारत में देशप्रेम कोई सिखाई हुई भावना नहीं, बल्कि दिल से निकला हुआ जज्बा है. और जब इस जज्बे को फिल्मों और गानों की आवाज मिलती है, तो असर सीधा दिल पर पड़ता है. बॉलीवुड ने वक्त-वक्त पर ऐसे कई गीत दिए हैं, जो सिर्फ सुनने के लिए नहीं, बल्कि महसूस करने के लिए बने हैं. राष्ट्रीय पर्व हों या कोई खास मौका, ये गाने माहौल में जोश, गर्व और इमोशन घोल देते हैं. आइए ऐसे ही कुछ देशभक्ति गीतों पर नजर डालते हैं, जो आपके जश्न को और खास बना सकते हैं.

1. दिल दीवाने का डोला – तहलका

संतोष आनंद के लिखे इस गीत में देश के लिए सब कुछ कुर्बान कर देने का जज्बा साफ झलकता है. गाने में जोश, एकता और बलिदान की भावना है, जो खासतौर पर युवाओं के दिलों में देशभक्ति की आग जला देती है. गणतंत्र दिवस या स्वतंत्रता दिवस जैसे मौकों पर यह गाना माहौल को पूरी तरह देशभक्तिमय बना देता है.

2. ऐ वतन तेरे लिए – कर्मा

यह गीत सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि भारत माता को समर्पित एक भावनात्मक श्रद्धांजलि है. लता मंगेशकर और मोहम्मद अजीज की आवाज इसे और भी असरदार बना देती है. नूतन, दिलीप कुमार और जैकी श्रॉफ जैसे दिग्गज कलाकारों पर फिल्माया गया यह गीत सुनते ही सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है.

3. रंग दे बसंती – रंग दे बसंती

आमिर खान की इस फिल्म का टाइटल सॉन्ग आज भी युवाओं की आवाज माना जाता है. यह गाना आजादी, बलिदान और जिम्मेदारी की याद दिलाता है. इसकी क्रांतिकारी सोच सुनने वाले को झकझोर देती है और देश की रंग-बिरंगी संस्कृति की भी झलक दिखाती है.

4. ये जो देश है तेरा – स्वदेस

ए.आर. रहमान का संगीत और शाहरुख खान की मौजूदगी—इस गाने को बेहद खास बना देती है. यह गीत खासतौर पर उन लोगों को छू जाता है, जो किसी वजह से अपने देश से दूर रहते हैं. भारत की मिट्टी, अपनापन और घर लौटने की तड़प को यह गाना बहुत सादगी से बयां करता है.

5. आजादी – बोस: द फॉरगॉटन हीरो

यह गीत नेताजी सुभाष चंद्र बोस के साहस और संघर्ष की कहानी को आवाज़ देता है. ए.आर. रहमान के संगीत में रचा यह गाना आजादी की कीमत और उसके लिए दिए गए बलिदानों की याद दिलाता है. इसमें आत्मसम्मान और क्रांतिकारी सोच साफ झलकती है.

6. संदेशे आते हैं – बॉर्डर

यह गाना देश के उन जवानों को सलाम करता है, जो सरहद पर खड़े होकर हमारी सुरक्षा करते हैं. अनु मलिक की धुन और गाने के बोल सैनिकों और उनके परिवारों के इमोशन को बेहद सच्चाई से पेश करते हैं. इसे सुनते ही आंखें नम हो जाती हैं.

7. मां तुझे सलाम – वंदे मातरम् (A.R. Rahman)

ए.आर. रहमान के इस निजी एल्बम का यह गीत भारत माता को समर्पित है. रहमान की आवाज और संगीत ने इसे अमर बना दिया है. यह गाना गर्व, सम्मान और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करता है.

8. देस रंगीला – फना

आमिर खान और काजोल की फिल्म का यह गाना भारत की विविधता और संस्कृति का जश्न मनाता है. इसके बोल सीधे-सीधे भारत की कहानी कहते हैं और यह एहसास दिलाते हैं कि हमारी विविधता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है.

ये गाने सिर्फ सुनने के लिए नहीं हैं, बल्कि हर भारतीय के दिल में छुपे देशप्रेम को जगाने के लिए हैं. राष्ट्रीय पर्व हो या कोई खास मौका, इन गानों के बिना जश्न अधूरा सा लगता है.

यह भी पढे़ं: Border 2: अफगानिस्तान में ‘सनी पाजी’ का जलवा, बॉर्डर 2 देखने को एक्साइटेड क्रिकेटर राशिद खान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >