Naagin 7: सुपरनैचुरल शो ‘नागिन 7’ अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है. शो के फिनाले से पहले सीरियल में आर्यमान का किरदार निभा रहे नमिक पॉल ने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया. अपने पोस्ट में एक्टर ने इस सफर को याद करते हुए फैंस, सह-कलाकारों और शो की पूरी टीम का आभार जताया.
आर्यमान के किरदार को बताया खास अनुभव
अपने पोस्ट में नमिक पॉल ने कहा कि ‘नागिन 7’ का सफर उनके लिए बेहद यादगार रहा. उन्होंने अपनी कुछ फोटोज को पोस्ट कर लिखा, “और इसी तरह एक और खूबसूरत सफर खत्म होने जा रहा है. आर्यमान का किरदार निभाना मेरे लिए कई मायनों में सीखने वाला अनुभव रहा. अभिनय के क्षेत्र में एक दशक पूरा करने के बाद भी इस किरदार ने मुझे बहुत कुछ नया सिखाया. सबसे खास बात यह रही कि इस शो के जरिए मुझे आप सभी दर्शकों से जुड़ने का मौका मिला, जो अपने आप में एक बड़ी खुशी है.”
शो की यादों को किया शेयर
उन्होंने आगे फैंस को धन्यवाद देते हुए लिखा, “आप सभी के कमेंट्स, वीडियो एडिट्स, प्यार और लगातार मिले सपोर्ट के लिए दिल से शुक्रिया. मैं इस प्यार को कभी हल्के में नहीं ले सकता.” उन्होंने बताया कि शो के मजेदार डायलॉग, न्यूजरूम वाले सीन, फेस-ऑफ सीक्वेंस और अपने सह-कलाकारों के साथ काम करने का अनुभव बेहद शानदार रहा. मिस्टर सूरी, इन खूबसूरत यादों के लिए आपका धन्यवाद.”
एकता कपूर और टीम का जताया आभार
नमिक पॉल ने अपने पोस्ट में निर्माता एकता कपूर और बालाजी टेलीफिल्म्स का भी धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि उन्हें ‘नागिन 7’ जैसे बड़े शो का हिस्सा बनने का अवसर मिला, जिसके लिए वे हमेशा आभारी रहेंगे. साथ ही उन्होंने दर्शकों से शो का फिनाले देखने की अपील करते हुए लिखा, “नागिन 7 का फिनाले इस शनिवार और रविवार रात 8 बजे जरूर देखें.”
यह भी पढ़ें- Anupama: नौकर से प्यार कर बैठेगी ईशानी, सबके सामने करेगी रिश्ते का ऐलान, पाखी ने बेटी को घर से निकाला
