मनोज बाजपेयी अब एक ऐसा ऐतिहासिक किरदार निभाने जा रहे हैं, जो उनके करियर का सबसे बड़ा माइलस्टोन साबित हो सकता है. नेशनल अवॉर्ड विनर डायरेक्टर सुधीर मिश्रा और प्रोड्यूसर अनुभव सिन्हा ने इस हिस्टोरिकल ड्रामा की शूटिंग उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुरू कर दी है. फिल्म का पहला शूटिंग शेड्यूल लखनऊ चिड़ियाघर के पास स्थित नरही इलाके में फिल्माया गया, जहाँ 1940 के दशक का प्रामाणिक लुक देने के लिए विंटेज कारों, उस दौर के पहनावे और ओल्ड-स्कूल साइनबोर्ड्स का बेहतरीन इस्तेमाल किया गया है.
गांधी जी की लाइफ के 21 दिनों का सबसे क्रिटिकल चैप्टर
हिंदुस्तान टाइम्स के रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का वर्किंग टाइटल 'गांधी एंड माय मदर' रखा गया है, हालांकि मेकर्स जल्द ही इसके नए ऑफिशियल टाइटल की घोषणा करेंगे. यह फिल्म भारत की आजादी के समय गांधी जी के जीवन के एक बेहद खास और अनसुने 21 दिनों के घटनाक्रम पर केंद्रित होगी. जब पूरा देश आजादी का जश्न मना रहा था और दिल्ली सत्ता का केंद्र बन रही थी, तब गांधी जी ने एक बिल्कुल अलग रास्ता चुना था.
“मेरी मां दुर्गा देवेंद्र नाथ मिश्रा बचपन में गांधी जी से मिली थीं. उनके निधन से पहले मैंने वादा किया था कि मैं गांधी जी के जीवन के इस अनसुने हिस्से पर एक फिल्म बनाऊंगा.” सुधीर मिश्रा (डायरेक्टर)
'गांधी मोड' में चले गए हैं मनोज बाजपेयी, घटाया वजन
फिल्म के प्रोड्यूसर और 'बनारस मीडियावर्क्स' के फाउंडर अनुभव सिन्हा ने मनोज बाजपेयी के ट्रांसफॉर्मेशन को लेकर कुछ बड़े खुलासे किए हैं. “मनोज बाजपेयी ने इस किरदार में पूरी तरह से ढलने के लिए काफी वजन कम किया है. वो एक बहुत ही अनुशासित डाइट और खास लाइफस्टाइल को फॉलो कर रहे हैं और फिलहाल पूरी तरह 'गांधी जोन' में शिफ्ट हो चुके हैं.” इस फिल्म में मनोज बाजपेयी के अलावा दिव्या दत्ता और सौरभ शुक्ला जैसे तगड़े एक्टर्स भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं.
अक्टूबर तक लखनऊ में चलेगा शूटिंग का सिलसिला
सुधीर मिश्रा और अनुभव सिन्हा की जोड़ी इससे पहले साल 2023 में आई फिल्म 'अफवाह' में एक साथ काम कर चुकी है. फिल्म का लखनऊ शेड्यूल इस साल अक्टूबर तक चलने की उम्मीद है. हालांकि, फिल्म में बाकी स्टार कास्ट और इसकी रिलीज डेट को लेकर मेकर्स की तरफ से आधिकारिक घोषणा होना अभी बाकी है.
ये भी पढ़ें: स्प्लिट्सविल्ला 16 में मचाया था तहलका, अब 'बिग बॉस 13' के घर में आग लगाने आ रही हैं यह बोल्ड एक्ट्रेस
