Hanuman Ansh Box Office Collection Day 31: नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार चौंकाने वाला प्रदर्शन कर रही है. फिल्म की शुरुआत भले ही धीमी रफ्तार में हुई थी, लेकिन बाद में दर्शकों के बीच बढ़ी लोकप्रियता ने इसकी कमाई को जबरदस्त रफ्तार दे दी. शोभिनव सत्या और चंदन आनंद स्टारर यह फिल्म अब 100 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन का आंकड़ा पार कर चुकी है. 31वें दिन भी फिल्म की कमाई में करीब 37.9 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई.
31वें दिन ‘हनुमान अंश’ ने की इतनी कमाई
बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने अपने 31वें दिन भारत में करीब ₹22.75 करोड़ का नेट कलेक्शन किया. इसके साथ ही फिल्म की भारत में कुल नेट कमाई बढ़कर ₹122.13 करोड़ हो गई है। वहीं, भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन करीब ₹144.40 करोड़ तक पहुंच गया है.
खास बात यह है कि पांचवें हफ्ते में पहुंचने के बावजूद फिल्म की कमाई में गिरावट के बजाय तेजी देखने को मिल रही है. यह प्रदर्शन फिल्म के लिए इसलिए भी खास है क्योंकि शुरुआत में इसे बॉक्स ऑफिस पर बहुत मजबूत प्रतिक्रिया नहीं मिली थी.
शुरुआत में धीमी थी फिल्म की रफ्तार
‘हनुमान अंश’ के डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने कई इंटरव्यू में शेयर किया कि फिल्म की शुरुआत बेहद धीमी रही और उन्हें लगने लगा था कि यह आगे नहीं चल पाएगी. लेकिन, फिल्म की लगातार कमाई ने साबित कर दिया कि उनका इसे कम आंकना गलत था और किसी भी नतीजे पर इतनी जल्दी नहीं पहुंचना चाहिए.
फिल्म ने पहले दिन महज करीब 10 लाख रुपये का कलेक्शन किया था. पहले दो हफ्तों के अंत तक इसकी कुल कमाई लगभग ₹1.48 करोड़ ही रही थी. उस समय ऐसा लग रहा था कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा लंबी पारी नहीं खेल पाएगी.
लेकिन 16वें दिन के आसपास फिल्म की कमाई में अचानक तेजी आई. दर्शकों की प्रतिक्रिया और माउथ पब्लिसिटी का फायदा फिल्म को मिलने लगा. इसके बाद तीसरे और चौथे हफ्ते में ‘हनुमान अंश’ ने लगातार बेहतर प्रदर्शन किया और इसकी कमाई तेजी से बढ़ती गई.
यह भी पढ़ें: Hanuman Ansh Box Office: 2 करोड़ की फिल्म ने 100 करोड़ कमाकर रचा इतिहास, सलमान-अल्लू अर्जुन को भी नहीं बख्शा
कम बजट में बनाया बड़ा रिकॉर्ड
‘हनुमान अंश’ की सफलता इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि इसे बड़े बजट और बड़ी स्टारकास्ट वाली फिल्मों की तरह भारी-भरकम पैमाने पर रिलीज नहीं किया गया था. फिल्म का निर्माण करीब ₹2 करोड़ के बजट में हुआ बताया जाता है. इसके बावजूद फिल्म ने भारत में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा नेट कमाकर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है.
फिल्म का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है और इसमें शोभिनव सत्या ने नीम करोली बाबा की भूमिका निभाई है. खास बात यह भी है कि शोभिनव सत्या पहले फिल्म से बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर जुड़े थे, लेकिन ऑडिशन के बाद मुख्य भूमिका निभाने का मौका मिला.
यह भी पढ़ें: 'हनुमान अंश' के सेट पर हुए ऐसे चमत्कार, देखकर दंग रह गए मेकर्स; अचानक पेड़ पर आ बैठा बंदर और फिर...
