Disha Vakani Father Passes Away: टीवी जगत से एक दुखद खबर सामने आई है. मशहूर एक्ट्रेस दिशा वकानी के पिता भीम वकानी का 84 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. उनके जाने से परिवार में शोक की लहर है. भीम वकानी थिएटर जगत के जाने-माने कलाकार रहे और उन्होंने फिल्मों व टीवी में भी अपनी पहचान बनाई.
‘तारक मेहता’ में निभाया खास रोल
बहुत कम लोग जानते हैं कि भीम वकानी लोकप्रिय टीवी शो Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah में भी नजर आ चुके हैं. इस शो में दिशा वकानी ने ‘दयाबेन’ का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाई थी.
शो के एक एपिसोड में भीम वकानी ‘मावजी भाई’ के किरदार में दिखाई दिए थे, जो चंपकलाल के दोस्त होते हैं. कहानी में मावजी अपने बेटे की शादी के लिए निमंत्रण देते हैं, लेकिन कुछ परिस्थितियों के कारण जेठालाल वहां नहीं जा पाते. इसके बाद एक मजेदार घटनाक्रम देखने को मिलता है, जब गिफ्ट की जगह गलती से बड़ी रकम पहुंच जाती है. इस एपिसोड को दर्शकों ने खूब पसंद किया था.
फिल्मों में भी दिखा हुनर
थिएटर के साथ-साथ भीम वकानी ने बॉलीवुड फिल्मों में भी काम किया. वह Lagaan में काजी साहब के रोल में नजर आए थे. इसके अलावा Swades और Lajja जैसी फिल्मों में भी उन्होंने अपनी अदाकारी का लोहा मनवाया.
दिशा वकानी के लिए कठिन समय
दिशा वकानी अपने पिता के बेहद करीब थीं और उनके साथ खास बॉन्ड शेयर करती थीं। ऐसे में पिता के निधन से उनके ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. गौरतलब है कि दिशा वकानी पिछले कुछ समय से ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ से दूर हैं, लेकिन आज भी दर्शक उन्हें दयाबेन के किरदार में याद करते हैं. भीम वकानी का जाना मनोरंजन जगत के लिए एक बड़ी क्षति है. उनके काम और यादगार किरदार हमेशा दर्शकों के दिलों में जिंदा रहेंगे.
यह भी पढ़ें: 40 के बाद मां बनीं टीवी की ये हीरोइनें, एक तो बनने वाली हैं जुड़वा बच्चों की मां
