धुरंधर 2: कौन है जसकीरत सिंह रांगी का परिवार? फिल्म नहीं देखी तो यहां पढे़ं

Dhurandhar 2: ‘धुरंधर: द रिवेंज’ मूवी आज सिनेमाघरों में रिलीज हो गया है. रिलीज के साथ ही फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत कर ली है. फिल्म में जसकीरत सिंह रांगी की दर्दनाक कहानी बतायी गयी है. परिवार की मौत के बाद उसका ‘हमजा’ बनना फिल्म का सबसे बड़ा ट्विस्ट है, जिसे जानने के लिए फैंस काफी एक्साइटमेंट हैं. जानिए कौन है जसकीरत सिंह रांगी?

Dhurandhar 2: जब कोई फिल्म रिलीज होते ही लोगों के दिल और दिमाग दोनों पर छा जाए, तो जाहिर है उसके किरदारों को लेकर सवाल भी बढ़ने लगते हैं. धुरंधर: द रिवेंज के साथ भी कुछ ऐसा ही हो रहा है, जहां कहानी से ज्यादा एक किरदार चर्चा में है. फिल्म में रणवीर सिंह ने जो जसकीरत सिंह रांगी का किरदार निभाया है, वह लोगों को काफी पसंद आ रहा है. लेकिन इसके साथ ही दर्शकों के मन में ये सवाल भी उठ रहा है कि आखिर ये किरदार है कौन और इसकी बैकस्टोरी क्या है?

कौन है जसकीरत का परिवार?

फिल्म की कहानी वहीं से आगे बढ़ती है, जहां पहले पार्ट खत्म हुआ था. एक जनाजे के सीन से कहानी शुरू होती है, जहां से जसकीरत की जिंदगी के कई राज खुलते हैं. जसकीरत सिंह रांगी को फिल्म में पंजाब के एक साधारण परिवार के इकलौते बेटे के रूप में दिखाया गया है. उसकी दो बहनें हैं, पिता आर्मी में अफसर हैं और मां एक साधारण गृहिणी. एक आम जिंदगी जी रहा जसकीरत अपनी बहन की शादी तक करवाता है, लेकिन फिर उसकी जिंदगी में ऐसा मोड़ आता है जो सब कुछ बदल देता है.

जब सब कुछ हो गया खत्म

धुरंधर: द रिवेंज में जसकीरत सिंह रांगी का परिवार

कहानी में दिखाया गया है कि दुश्मनों के हमले में जसकीरत का पूरा परिवार खत्म हो जाता है. इस घटना के बाद उसकी जिंदगी पूरी तरह बदल जाती है. अपने परिवार को खोने का दर्द और बदले की आग उसे अंदर से तोड़ भी देती है और मजबूत भी बना देती है. इसी दर्द के बाद जसकीरत हथियार उठा लेता है और दुश्मनों के खिलाफ जंग छेड़ देता है. वह कसम खाता है कि अब पीछे नहीं हटेगा. यही वो पल होता है, जब जसकीरत सिंह रांगी की जगह ‘हमजा’ का जन्म होता है. फिल्म में यही दिखाया गया है कि कैसे वो हमजा बनकर दुश्मनों के खिलाफ अपनी लड़ाई को अंजाम देता है.

कैसी है फिल्म की कहानी?

रणवीर सिंह इस बार हमजा अल मजारी के किरदार में नजर आ रहे हैं, जो रहस्य, साजिश और खतरनाक हालातों के जाल में फंसा हुआ है. फिल्म की कहानी बदले, धोखे और सस्पेंस का ऐसा मिक्सचर है, जो दर्शकों को शुरू से अंत तक बांधे रखती है. रणवीर सिंह ने अपने गंभीर किरदार से दमदार छाप छोड़ी है. वहीं फिल्म की हीरोइन सारा अर्जुन ने अपनी सादगी और शानदार एक्टिंग से फिल्म में अलग ही जान डाल दी है. बाकी स्टारकास्ट ने भी अपने रोल को मजबूती से निभाया है.

यह भी पढ़ें: धुरंधर 2: बड़े साहब के राज से उठा पर्दा, फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >